ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो इसके लिए प्रदेश सरकार गंभीरतापूर्वक कार्य कर रही है। इस दिशा में नए जल घरों की स्थापना, जल घरों की सफाई, नहरों को जल घरों से जोडऩे जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। यह बात जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने सोमवार को क्षेत्र के गांव खेदड़ व कुंभा खेड़ा में नए जल घरों के शिलान्यास करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। डॉ.बनवारी लाल ने गांव लितानी व गैबीपुर में बूस्टिंग स्टेशन का उद्घाटन भी किया।
प्रत्येक व्यक्ति को 70 लीटर प्रतिदिन पानी देने का लक्ष्य
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इन जल परियोजनाओं के शुरू होने से गांव के प्रत्येक व्यक्ति को 70 लीटर प्रति दिन के हिसाब से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। गांव कुंभा खेड़ा में सप्लाई पेयजल योजना के तहत 78 लाख 70 हजार रुपयों की लागत से जल घर का नवीनीकरण किया जाएगा, जिससे 2687 लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने में सुविधा मिलेगी। गांव खेदड़ में 3 करोड़ 39 लाख 60 हजार रुपयों की लागत से द्वितीय जल घर का निर्माण किया जाएगा। इससे 17 हजार 797 लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि 66 लाख 35 हजार रुपयों की लागत से गांव गैबीपुर तथा गांव लितानी में 55 लाख 95 हजार रुपयों की लागत से नए बूस्टिंग स्टेशनों का निर्माण किया गया है। इससे लगभग 11 हजार लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है। डॉ.बनवारी लाल ने कहा कि जल का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है।
इसलिए हर व्यक्ति की यह जिम्मेवारी है कि वह जल को बचाए ताकि आने वाली पीढिय़ों को पेयजल के लिए किसी भी प्रकार की कठिनाइयों का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। इस दिशा में राज्य सरकार अनेक जल परियोजनाओं पर काम कर रही है और इनका लाभ भी लोगों को मिल रहा है।
समान विकास हो रहा है
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि वर्तमान सरकार में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में तेज गति से कार्य हो रहा है। पहले क्षेत्रवाद व भाई भतीजावाद के कारण विकास राजनीति की भेंट चढ़ जाता था और बहुत से क्षेत्र विकास से वंचित रह जाते थे। लेकिन वर्तमान सरकार ने इन सब बातों से ऊपर उठकर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में समान विकास करवाकर सबका साथ-सबका विकास सिद्धांत की सार्थकता को सिद्ध किया है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता आई है और अब मेरिट के आधार पर योग्य युवाओं को सरकारी नौकरियों में आने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाकर महिलाओं को स्वच्छ व सम्मान पूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है। इस अवसर पर हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, एसडीएम पृथ्वी सिंह, जिला महामंत्री आशा खेदड़, सीमा गैबीपुर, ब्लॉक समिति चेयरमैन पवन खेदड़ सहित कई अधिकारी व भाजपा नेता मौजूद रहे।