फीस बढ़ोतरी के खिलाफ किया प्रदर्शन
शहर के ढाणी गारण मार्ग पर स्थित नेशनल कॉलेज ऑफ आयुर्वेदा के बीएएमएस के स्टूडेंट्स ने शुक्रवार को हड़ताल कर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कॉलेज में 60 स्टूडेंट्स हैं यह उनका इस कॉलेज में पहला साल है। स्टूडेंट्स का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन अनावश्यक रूप से अगले सत्र की फीस बढ़ा रहा है। उधर, कॉलेज मैनेजमेंट ने दावा किया है कि स्टूडेंट्स के साथ उनका समझौता हो गया है।
लेकिन देर शाम तक कई स्टूडेंट्स ने इस बात को नकारते हुए मामले को लेकर एसडीएम व उपायुक्त से मिलने की बात कही है। बीएएमएस के विद्यार्थियों ने बताया कि यूनिवर्सिटी की फीस करीबन 1 लाख 57 हजार रुपए है। इसके अलावा कॉलेज प्रबंधन स्थानीय सेवाओं के लिए अलग से फंड लेता है। स्टूडेंट्स ने बताया कि चालू सत्र के लिए कॉलेज मैनेजमेंट ने 1 लाख 85 हजार रुपए लिए थे। लेकिन अब प्रबंधन अगले सत्र के लिए 2 लाख 700 रुपए जमा करवाने के लिए बोल रहा है। प्रथम वर्ष के एग्जाम जुलाई में होंगे। लेकिन प्रबंधन अभी से उन पर राशि जमा करवाने के लिए दबाव बना रहा है। स्टूडेंट्स ने कहा कि प्रबंधन 7 हजार रुपए टूर कार्यक्रम के नाम पर ले रहा है जबकि आयुष विभाग स्टूडेंट्स को नि:शुल्क टूर करवाता है।
यही नहीं कॉलेज होस्टल की फीस भी अधिक वसूली जा रही है। हड़ताल करने वाले बीएएमएस के विद्यार्थियों ने कहा कि जब उन्होंने अधिक फीस वसूले जाने के निर्णय का विरोध किया तो कॉलेज प्रबंधन द्वारा उन्हें कॉलेज से बाहर करने की धमकी दी जा रही है। मामले के संबंध में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ.दुली चंद शर्मा ने बताया कि स्टूडेंट्स की कुछ मांगों पर सहमति बन गई है। कॉलेज द्वारा स्टूडेंट्स से यूनिवर्सिटी द्वारा तय की गई फीस व फंड लिए जा रहे हैं।