दूषित सप्लाई पर पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने जताया रोष
शहर के पुराने जलघर के वाटर टैंकों से इन दिनों दूषित पानी घरों में सप्लाई हो रहा है। जलापूर्ति विभाग द्वारा दूषित पेयजल की सप्लाई से क्षेत्रवासियों में खासी नाराजगी है। क्षेत्र के पार्षद कालू राम, पार्षद राहुल कुमार, धर्म सिंह लांग्यान, सुरेश कुमार, संदीप, पूर्व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रतनलाल भौरिया, गौरव, संजय, रामनिवास सहित अन्य क्षेत्रवासियों ने बताया कि स्थानीय जलघर के वाटर टैंकों में गंदगी भरी हुई है। यही नहीं टैंकों में कई बार जानवर तक भी गिर जाते हैं। विभाग द्वारा पिछले कई महिनों से लगातार क्षेत्रवासियों को दूषित पानी सप्लाई किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने कहा कि वाटर टैंक सड़कों आदि से नीचे होने के कारण इनमें कई दफा सीवर व नालियों का पानी भी ओवरफ्लो होकर इनमें चला जाता है। दूषित पानी पीने के चलते लोगों में बीमारियां घर कर रही हैं। क्षेत्रवासियों ने कहा है कि यदि प्रशासन ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो वे जलघर के गेट पर ताला जड़ने से गुरेज नहीं करेंगे।
शहर के पुराने जलघर के वाटर टैंक में मौजूद गंदगी।