मजदूरों से काम नहीं लिया बंद कराएंगे रैक लोडिंग
बालूमाथ रेलवे स्टेशन में विस्थापित प्रभावित श्रमिक सहयोग समिति के बैनर तले रविवार को बालूमाथ रेलवे स्टेशन के समीप मजदूरों ने रैक में मजदूरों द्वारा कोयला लोडिंग कराने की मांग को लेकर रैली व धरना का आयोजन किया गया। इसका नेतृत्व बाबूलाल लोहरा ने किया। रैली में शामिल सैकडों मजदूरों ने हाथों में बैनर, झोड़ी, कोड़ी लेकर टेमराबार, केड़वाबार, जोगियाडीह, लोहराटोली, गंझू टोला समेत कई टोलों-मोहल्लों का भ्रमण किया।
इस दौरान मजदूर मजदूरों का शोषण करना बंद करो, दुनिया के मजदूर एक हो, एक झोड़ी एक कोड़ी, मशीन से रैक लोडिंग बंद करो समेत कई नारे लगा रहे थे। रैली बालूमाथ रेलवे स्टेशन पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। यहां मजदूरों को संबोधित करते हुए सचिव राजकुमार लोहरा ने कहा कि सीसीएल प्रबंधन एवं रेलवे ने मिलकर किसानों की जमीन औने-पौने भाव में लेकर उन्हें बेरोजगार कर दिया है। जब मजदूरों को कोयला लोडिंग कर जीवनयापन करने का समय आया तो इन विभागों द्वारा लोडर के माध्यम से रैक लोडिंग कराया जा रहा है, लेकिन हम सभी मजदूर इनकी मंशा को सफल नहीं होने देंगे। धरना को गेंदा भुइयां, बाबूलाल लोहरा, शोभन लोहार, अरूण उरांव, रीना उराईन, रमन गंझू आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर संजय यादव, आेमप्रकाश, राजेंद्र उरांव, गंगेश्वर सोनी के अलावा धाधु, बसिया, मकईयाटांड़, भैंसादोन, हेमपुर, चितरपुर समेत दर्जनों गांव के सैकडों महिला-पुरुष मजदूर मौजूद थे