अफसर अभियान के बारे में बताते रहे, अधीनस्थ नींद में
जमवारामगढ ग्रामीण. बैठक के दौरान नींद िनकालता कार्मिक।
जमवारामगढ़ में राज्य सरकार की योजनाओं पर चर्चा
भास्कर न्यूज | जमवारामगढ़ ग्रामीण (बस्सी)
उपखण्ड कार्यालय के सभागार में सोमवार को राजस्व लोक अदालत अभियान न्याय आपके द्वार अभियान को लेकर हुई बैठक में अजब नजारा देखने को मिला। अभियान को सफल बनाने के लिए जहां एसडीएम कार्मिकों को निर्देशित करते रहे वहीं कुछ कार्मिक नींद की झपकियां लेते दिखे तो कई बैठक के दौरान फोन पर बातें करते नजर आए।
एसडीएम नरेन्द्र मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं से संबंधित सूचनाओं को लेकर चर्चा की गई। मीटिंग में एसडीएम नरेन्द्र मीना, तहसीलदार ज्ञानचंद जैमन, विकास अधिकारी राजेश मीना सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे। एसडीएम नरेंद्र मीना ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के लेकर चर्चा की ओर साथ ही किए जाने वाले कार्यक्रमों के लिए मूल एवं प्री कैम्प लगाने के लिए सभी को आदेश दिए। बाल विवाह को लेकर एसडीएम ने कहा कि यह एक अभिशाप है। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग को बाल विवाह पर कड़ा शिकंजा कसने को कहा। जलदाय विभाग के अधिकारियों को केवल कागजी कार्यवाही न कर पूर्ण रूप से समाधान करने के लिए पाबंद किया।
केवल औपचारिकता पूरी करने आए कार्मिक
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आना था। मगर अधिकारियों ने अपने स्थान पर कर्मचारियों को भेज कर खानापूर्ति की। वहीं बेमन से सभा में पहुंचे अधिकारियों में से इक्का दुक्का कार्मिकाें के अलावा किसी ने भी अपनी तरफ से विचार प्रस्तुत नहीं किए।
सभा में निकाली नींद
बैठक के दौरान रायसर से वन विभाग के अधिकारियों की जगह रायसर रेंज के कैटल गार्ड को मीटिंग में भेजा गया जो पूरा समय मीटिंग में सोते नजर आए। नींद पूरी होने के बाद वो बैठक के दौरान ही फोन पर बातें करते नजर आए।