- Hindi News
- National
- 10 करोड़ गरीब परिवारों को मिलेगी 5 लाख तक के इलाज की योजना...ताकि आगे बढ़ें 115 जिले
10 करोड़ गरीब परिवारों को मिलेगी 5 लाख तक के इलाज की योजना...ताकि आगे बढ़ें 115 जिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 14 अप्रैल को बीजापुर जिले के जांगला से आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत वे जांगला में देश का पहला हेल्थ और वेलनेस सेंटर का उदघाटन भी करेंगे। योजना को शुरू करने के लिए बीजापुर जिले को इसलिए चुना गया है, क्योंकि देशभर के सबसे पिछड़े 115 जिले ऐसे हैं जो विकास के मामले में देश के बाकी हिस्सों से काफी पीछे छूट गए हैं।
इन जिलों की लिस्ट बनाकर सरकार इन्हें आगे लाने के लिए खासतौर पर योजना बना रही है और राज्य सरकारों के साथ इन्हें विकास के मामले में आगे बढ़ाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। प्रदेश के 81 फीसदी अनुसूचित जनजाति वाले इलाके बीजापुर के घोर नक्सल संवेदनशील होने के बावजूद पिछड़े जिलों की लिस्ट में यह सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश का दूसरा जिला साबित हुआ है। आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत के बाद साल 2022 तक पूरे देश में डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर की स्थापना की जाएगी, जहां सभी को अपने घर के पास ही मुफ्त स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने की दिशा में पहला कदम माना जा रहा है।
योजना पूरी तरह कैशलेस: यह योजना पूरी तरह से कैशलेस तरीके से चलेगी और बीमित व्यक्ति को अपने इलाज के लिए अलग से कोई भी खर्च नहीं करना पड़ेगा। शुरुआती दौर में योजना के तहत देश के 50 करोड़ लोगों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें प्रति व्यक्ति बीमा का प्रीमियम 40 रुपए आएगा। हितग्राहियों के चयन की प्रक्रिया के लिए वर्ष 2011 की जनगणना को आधार बनाया गया है, जिसके बाद आधार नंबरों से परिवारों की सूची तैयार की जाएगी और सूची तैयार होने के बाद योजना का लाभ लेने किसी पहचान पत्र की जरूरत नहीं होगी। देशभर में खुलने वाले डेढ़ लाख से ज्यादा हेल्थ और वेलनेस सेंटरों में दवाएं और जांच नि:शुल्क मुहैया कराई जाएंगी। साथ ही जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर नियंत्रण पाने प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
2022 तक पूरे देश में डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर की होगी स्थापना
पीएम मोदी आज करेंगे योजना की शुरुआत, नक्सल प्रभावित जिला होने के बाद भी सबसे तेजी से बढ़ने वाला दूसरा जिला बना बीजापुर, इसलिए आयुष्मान भारत की यहां से होगी शुरुआत
2008 में शुरू की गई राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना की जगह ली, जिसमें 30 हजार तक का लाभ मिलता था
साल 2018-19 में पेश किए गए आम बजट में आयुष्मान भारत योजना को शुरू करने की घोषणा के बाद इसके जरिए हर साल 10 करोड़ गरीब परिवारों को बेहतर इलाज के लिए 5-5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाएगा। फिलहाल सरकार ने इस योजना के लिए 2 हजार करोड़ रुपए का बजट तय किया है। इसके तहत गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों के लिए साल 2008 में आई राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा की जगह ली है, जिसमें हर साल 30 हजार रुपए का बीमा कवर दिया जाता था। इस योजना को मोदीकेयर भी बताया जा रहा है। 2010 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ढाई करोड़ अमेरिकी परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा की शुरुआत की थी। इसी तर्ज पर पीएम मोदी ने इस योजना की शुरूआत की है।
पीएम मोदी बस्तर को देंगे ये सौगातें
बस्तर नेट परियोजना के पहले चरण की शुरुआत उत्तर बस्तर में ट्रेन सेवा दल्ली राजहरा से भानुप्रतापपुर ट्रेन परिचालन को हरी झंडी पीएमजीएसवाई के तहत 1043 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कों और पुलों का शिलान्यास इंद्रावती नदी पर उच्चस्तरीय पुल का शिलान्यास जैगूर दरभा से कुटरू मार्ग में दरभा नदी (मिंगाचल नदी पर) उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास 658 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 735 किमी लंबी सड़कों का लोकार्पण बीजापुर में नल-जल योजना का शिलान्यास बैंक शाखाओं और एटीएम की शुरुआत
जांगला में होने वाले कार्यक्रम में करेंगे ये घोषणाएं
न्यूनतम समर्थन मूल्य पर वनोपज की खरीदी के लिए वन-धन योजना आदिवासी उप-योजना के माध्यम से शिक्षा केंद्र की स्थापना
विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को मिलेगी सामग्री और सहायता
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत चेक वितरण प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा और सिलेंडर वितरण वरिष्ठ नागरिकों को सहायता उपकरण वितरण इमली प्रसंस्करण के लिए स्व-सहायता समूह को मशीन वितरण तेंदूपत्ता संग्राहकों को चरणपादुका वितरण हितग्राहियों को ई-रिक्शा वितरण किसानों को सौर सुजला पंप का वितरण