- Hindi News
- National
- दंतेवाड़ा में होटलों के सभी कमरे प्रशासन के कब्जे में, मुसाफिरों को हो रही परेशानी
दंतेवाड़ा में होटलों के सभी कमरे प्रशासन के कब्जे में, मुसाफिरों को हो रही परेशानी
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को बीजापुर प्रवास पर रहेंगे। इसके मद्देनजर जिले की सभी होटलों के कमरों को प्रशासन ने बुक करा लिया है। ऐसे में जरूरी कामकाज या घूमने के लिहाज से दंतेवाड़ा पहुंचने वाले लोगों को रुकने के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। यह समस्या बीते तीन दिनों से देखने को मिल रही है।
दरअसल पीएम प्रवास के लिए प्रदेश के अन्य जिलों से अफसरों की ड्यूटी बीजापुर में लगाई गई है। अफसर तीन दिन से बीजापुर में डेरा जमाए हुए हैं। रात्रि विश्राम के लिए दंतेवाड़ा में सर्किट हाउस, गेस्ट हाउस, मोटल, निजी होटलों के सभी कमरे अफसरों के लिए आरक्षित हैं। कई अफसर बीजापुर में ठहरने की व्यवस्था नहीं होने से रात गुजारने यहां-वहां भटककर परिचितों की मदद लेने मजबूर हो गए हैं।
कल रात तक बुक हैं सभी कमरे: होटल संचालकों ने बताया कि प्रशासन ने पहले से ही हफ्तेभर के लिए होटल के सभी कमरों को आरक्षित करा लिया है। ऐसे में किसी भी कमरे में अन्य किसी व्यक्ति को ठहराने के लिए जगह नहीं है। रोजाना होटल में लोग पहुंच कमरा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन 14 अप्रैल की रात तक सारे कमरे बुक हो चुके हैं।
व्यापारी को न कमरा मिला, न बस: शुक्रवार को कोरबा से बिजनेस के सिलसिले में गीदम पहुंचे व्यापारी मनोज राजे ने बताया कि दो दिन तक गीदम, दंतेवाड़ा, किरंदुल में काम है, लेकिन ठहरने के लिए होटलों में कमरे नहीं मिल रहे हैं। गीदम से किरंदुल तक जाने बस की भी सुविधा नहीं है, इसके चलते परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बकावंड से अपने परिवार के साथ गुमरगुंडा आए माधव ने बताया कि घर के लिए शुक्रवार को ही वापस होना था, लेकिन बसें नहीं चल रही हैं। शुक्रवार और शनिवार की रात परिचितों के घर गुजारनी पड़ेगी।
भीड़ जुटाने सरपंच-सचिवों पर दबाव बना रहा प्रशासन: देवती कर्मा
जांगला में शनिवार को होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए दंतेवाड़ा जिले से ही 30 हजार से ज्यादा ग्रामीणों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मामले में विधायक देवती कर्मा ने कहा कि पीएम प्रवास के लिए सरकारी वाहनों का दुरुपयोग किया जा रहा है। स्कूल बसों तक को नहीं छोड़ा जा रहा है। इसकी वजह से प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों से कहा है कि जिस क्षेत्र से कम भीड़ आएगी, उस क्षेत्र के सचिव-सरपंच को निलंबित किया जाएगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमल सुराना ने कहा कि भीड़ जुटाने सचिव-सरपंच को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। महिला जिलाध्यक्ष तुलिका कर्मा ने कहा कि पीएम के कार्यक्रम को सफल बनाने ग्रामीणों को भेड़-बकरियों की तरह ले जाया जा रहा है। अगर इतनी ईमानदारी शासन-प्रशासन बस्तर के विकास में दिखाता तो आज बस्तर की तस्वीर कुछ और होती।
पीएम प्रवास के दिन चल सकती है धूल भरी आंधी, बादल छाए रहने की संभावना
भास्कर न्यूज|जगदलपुर
शनिवार 14 अप्रैल को बीजापुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रवास हो रहा है। उस दिन बस्तर में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा इसकी हर घंटे की रिपोर्ट का अपडेट शुक्रवार से ही विभाग एयरपोर्ट अथॉरिटी को दे रहा है। उत्तर प्रदेश से लेकर पश्चिमी बंगाल तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके चलते कई जगहों पर गरज चमक,बादलों के पैच, कहीं कहीं पर धूल भरी आंधी चल सकती है। इसका ओडिशा से सटे बस्तर के इलाकों पर थोड़ा बहुत असर रहेगा।
अच्छी बात यह है कि यह द्रोणिका छग के उपर से नहीं गुजर रही है। बावजूद इसके यहां कई स्थानों पर अंधड़ की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि दिल्ली से रायपुर तक के एयर रूट का फोरकास्ट दिल्ली का मौसम विभाग का कार्यालय करेगा। मौसम वैज्ञानिक आरके सोरी ने बताया कि वीवीआईपी के प्रवास के दौरान इस तरह की व्यवस्था करवाने के निर्देश राज्य कार्यालय से दिए जाते हैं। मौसम की रिपोर्ट हवाई अड्डे के अफसरों को दी जा रही है।
हर घंटे मौसम की जानकारी दे रहा विभाग एयरपोर्ट अथॉरिटी को
71 प्रतिशत से ज्यादा नमी इसलिए मौसम नरम गरम
जगदलपुर में इस समय अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम पारा 22.3 डिग्री सेल्सियस नार्मल रहता है जबकि इस समय दोनों तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री कम 34.7 और 20 डिग्री पर चल रहा है। इसकी वजह यह है कि शुक्रवार को सुबह 71 और दोपहर को 50 फीसदी से अधिक नमी बनी रही। महत्वपूर्ण यह है कि नमी की जब इस तरह की स्थिति रहती है तो बिना किसी बड़े सिस्टम के भी स्थानीय प्रभाव से गरज चमक से थोड़ी बारिश होती है। यह भी एक कारण है कि शनिवार को मौसम नरम गरम रह सकता है।