रायपुर में बैठकर नहीं दिखेगा विकास, बघेल बस्तर घूम आएं : डॉ. सिंह
मुख्यमंत्री डाॅ.रमन सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को सलाह दी है। यह सलाह बघेल के उस ट्वीट को लेकर दी गई है, जिसमें उन्होंने लिखा था कि 15 बरसों में विकास के नाम की चिड़िया गुम है। अगर किसी को मिले तो वे मुख्यमंत्री निवास के पते पर उसकी जानकारी दे दें। मुख्यमंत्री ने चुटकी लेते हुए इस बयान पर कहा है कि विकास रायपुर में बैठकर देखने से नहीं दिखेगा। विकास देखना है तो एक बार बस्तर-दंतेवाड़ा घूमकर आएं।
पिछले दिनों सरगुजा प्रवास के दौरान लुण्ड्रा के बटवाही में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा था कि जो लोग नारे लगाकर राज करते रहे। गरीबी हटाओ का नारा देते रहे, उन लोगों ने छत्तीसगढ़ में पचास साल राज किया है, लेकिन क्या वे लोग जानते भी हैं कि विकास किस चिड़िया का नाम है। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर ही बघेल ने ट्वीट कर पलटवार किया था। बघेल के ट्वीट के जवाब में डाॅ.सिंह ने यह सलाह दी है।
सीएम कर्नाटक के दौरे पर, करेंगे चुनावी प्रचार
मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह कर्नाटक विधानसभा चुनाव में प्रचार प्रसार करने गुरुवार शाम कर्नाटक रवाना हो गए। सिंह वहां पर भाजपा के स्टार प्रचारक के रूप में प्रचार करेंगे। वे कर्नाटक के शिमोगा जिले के शिकारीपुरा में चुनावी सभा को संबोधित करें। कर्नाटक में कमल खिलाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने देशभर के अपने सभी बड़े चेहरों को चुनाव प्रचार में लगा दिया है। डॉ. सिंह गुरुवार को हेलिकाप्टर से शिमोगा जिले के लिए रवाना होंगे। वहां पर मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों का प्रचार करेंगे। वे इसके बाद बैंगलुरू लौटेंगे। वहां से रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे। पिछले दिनों गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान भी सिंह ने राजकोट में प्रचार किया था।