- Hindi News
- National
- जोगी कांग्रेस 29 से करेगी चुनाव प्रचार 20 हजार गांवों में चलाएंगे संपर्क अभियान
जोगी कांग्रेस 29 से करेगी चुनाव प्रचार 20 हजार गांवों में चलाएंगे संपर्क अभियान
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के सुप्रीमो अजीत जोगी का 29 अप्रैल को जन्मदिन है। इसी दिन रायपुर में पार्टी का बड़ा सम्मेलन होगा और यहीं से जनता कांग्रेस के चुनावी मिशन का शंखनाद होगा। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता जावेद खान ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने कहा जोगी के जन्मदिन से मिशन 72 का आगाज होगा। यानी विधानसभा चुनाव में 72 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर कार्यकर्ता काम शुरू करेंगे। इसके बाद 7 मई से 7 जुलाई तक संपर्क अभियान चलेगा, जिसमें पार्टी के कार्यकर्ता, पदाधिकारी प्रदेश के 20 हजार गांवों में जाएंगे। इसमें सात मुख्य बिंदुओं पर काम होगा। इनमें मुख्य तौर पर सभी विधानसभावार पार्टी शपथ पत्र जारी करेगी। जावेद खान ने बताया गांवों में हमर संग जोगी कैंप लगेगा, जिसमें जोगी की तरफ से सभी को काबिज घर व जमीन का पट्टा देने का वादा लिखित में किया जाएगा। सरकार बनने के बाद रोजगार या स्वरोजगार मिलने तक हर बेरोजगार के बैंक खाते में उसकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर मासिक भत्ता जमा होगा। गांव के सभी जलस्त्रोतों से जल को कमंडल में एकत्र कर उस जल की आरती की जाएगी।
दंतेवाड़ा। पत्रकारों से चर्चा करते जनता कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता व पदाधिकारी।
29 के बाद विधानसभावार प्रत्याशियों की घोषणा होगी
जोगी कांग्रेस के प्रवक्ता जावेद खान ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसुराज व ग्रामसुराज भाजपा सरकार का ढकोसला है। 99 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण भी सरकार नहीं कर पाई है। बस्तर के प्रत्याशी की घोषणा के सवाल पर कहा कि 29 अप्रैल के बाद ही विधानसभावार प्रत्याशियों की घोषणा होगी।