28 अप्रैल को एक साथ स्थानीय कक्षाओं के नतीजे घोषित होंगे
राज्य ओपन बोर्ड को छोड़कर स्कूल स्तर की सभी परीक्षाएं खत्म होने के बाद मूल्यांकन भी अब आखिरी चरण में पहुंच गया है। उधर सब से पहले पहली से नवमीं और 11वीं जैसी स्थानीय कक्षाओं के नतीजे शिक्षा विभाग के द्वारा घोषित कराने की तैयारी चल रही है। ये सभी परीक्षाफल शिक्षा सत्र के आखरी दिन 28 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
हालांकि बस्तर जिले के सभी स्कूलों का रिजल्ट 24 अप्रैल तक तैयार करके संबंधित ब्लाक के एजुकेशन अफसर और जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जमा करने हैं। इसकी वजह यह भी है कि 5,8 वीं क्लास की अंकसूचियों पर बीईओ और डीईओ के हस्ताक्षर होने के बाद ही छात्रों को दी जानी है। इसके अलावा सभी छात्रों को परीक्षा पूर्ण प्रमाणपत्र और शालाओं से तिमाही,अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की अंकसूचियां भी दी जाएंगी। रिजल्ट के बाद बच्चों को डेढ़ महीने का ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया जाएगा। इस बार नया शिक्षा सत्र 16 जून से शुरू होगा।
छुट्टियों में स्पेशल क्लास पढ़ाने के लिए सहमति देने लगे अध्यापक
शिक्षा की गुणवत्ता के सुधार को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर शिक्षा विभाग एक नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत गर्मी की छुट्टियों में छात्र छात्राओं को स्पेशल कोचिंग करवाएगा। प्राथमिक और मिडिल के विद्यार्थियों को उनकी अगली कक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा। वहीं 10,12 वीं के विद्यार्थियों को माध्यमिक शिक्षा मंडल के पैटर्न पर इस दौरान तैयारी कराई जाएगी ब्लाक एजुकेशन अफसर अरूण देवांगन ने बताया कि छुट्टियों के दौरान पढ़ाई कराने के लिए काफी अध्यापकों द्वारा सहमति जताई गई है। इसका फायदा छात्रों को मिलेगा।