जांगला के स्टॉल पर पीएम ने देखी बदलती तस्वीर
दंतेवाड़ा | पीएम नरेंद्र मोदी का प्रवास भले ही बीजापुर ज़िले के जांगला में रहा हो लेकिन उन्होंने बीजापुर ज़िले से ही डीएमएफ की राशि से बदल रहे दंतेवाड़ा की तस्वीर देख ली। दरअसल यहां के स्टॉल में रखे मॉडल व प्रदर्शनियों के ज़रिए दंतेवाड़ा ज़िले के न केवल उन 5 मॉडल गांवों की तस्वीर दिखाई गई, जिनके विकास के लिए डीएमएफ की बड़ी राशि खर्च की जा रही है, बल्कि ज़िले के उन नवाचारों को भी दिखाया जिनके लिए इस मद की मदद ली जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली जैसी तमाम मूलभूत सुविधाओं के लिए ज़िले के अंदरुनी गांवों में हुए कार्यों व ज़िला अस्पताल में उपलब्ध कराए गए आधुनिक उपकरणों की भी झलकियां पीएम ने देखी। डीएमएफ राशि से गांवों में हो रहे विकास को देख मोदी ने ख़ुशी भी जताई।
बस्तर के फोटोग्राफ का एलबम भी देखा पीएम ने
मंच पर वन मंत्री महेश गागड़ा ने मुख्यमंत्री के हाथों पीएम को उनके पूर्व बस्तर दौरे से संबंधित फोटोग्राफ का एलबम सौंपा। इनमें बस्तर के सभी दर्शनीय स्थलों समेत भैरमगढ़ के गणेश, भैरम मंदिर, मेला-मड़ई के साथ ही दंतेवाड़ा के प्रवास से संबंधित फोटोग्राफ थे जिनका संकलन शहर के फोटोग्राफर सुनील पांडे ने किया था। महज दो दिनों में ही इस एलबम को नया रुप दिया गया और इसे प्रधानमंत्री को भेंट किया जिसके कुछ फोटोग्राफ की उन्होंने तारीफ भी की।
जगदलपुर. महज दो दिनों में तैयार फोटो एलबम पीएम को दिखाते मुख्यमंत्री