डेढ़ घंटे में 33.5 मिमी बारिश, अगले 48 घंटे रहेंगे बादल
जगदलपुर | शहर में शनिवार की शाम 6 बजे के बाद तेज हवा के साथ थोड़ी देर तक बारिश हुई। वहीं रात को 10 बजे के बाद फिर बारिश शुरू हुई। डेढ़ घंटे के अंदर संभाग मुख्यालय में 33.5 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
मौसम वैज्ञानिक आरके सोरी ने बताया कि बिहार से पश्चिम बंगाल तक बना द्रोणिका का सिस्टम हटते ही शनिवार की शाम को सिक्किम से ओडिशा तक द्रोणिका का नया सिस्टम सक्रिय हो गया था। इतना ही नहीं दक्षिण पश्चिम मध्यप्रदेश पर एक चक्रवात भी बन गया। इन दोहरे सिस्टम की वजह से बस्तर समेत अन्य जिलों में मौसम बदला और बारिश हुई। अगले 48 घंटों तक बस्तर में बादल छाए रहेंगे और बूंदा-बांदी भी हो सकती है।
2017 की तुलना में तीन गुना ज्यादा बारिश : मार्च में 15.1 मिमी और अप्रैल के महीने में जगदलपुर की औसत बारिश 45.9 मिमी रहती है। जबकि 2017 में इन महीनों में 1.9 और 13.4 मिमी बारिश ही रिकार्ड हुई थी।