कनाडा भेजने के नाम पर 93 लाख 50 हजार रुपए ठगे
सिविल लाइन पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है। उसने छह लोगों को 93 लाख 50 हजार रुपए का चूना लगाया। कैनेडा में वर्क परमिट पर भेजने के नाम पर 6 लोगों से लाखों रुपए की ठगी की गई है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपी को पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
वहीं, थाना सिविल लाइन के एएसआई सुखजिंदर सिंह ने बताया कि बलविंदर सिंह निवासी गांव झाडियावाल ने पुलिस को 18 दिसंबर, 2017 को शिकायत दी थी कि गुरप्रीत सिंह निवासी चंडीगढ़ ने उससे तथा उसके साथियों से लाखों रुपए लिए हैं। बताया गया कि नरिंदर सिंह निवासी सिनेमा रोड बटाला, हरमनप्रीत सिंह निवासी गादड़ियां, बलजीत सिंह निवासी ममरावां, मनजिंदर सिंह और मनप्रीत सिंह निवासी तुंग से कैनेडा में वर्क परमिट पर भेजने के लिए 93 लाख 50 हजार रुपए लिए थे। उन्हें कहा गया था कि वह कई लोगों को विदेश में काम के लिए भेज चुका है। इस प्रकार उसने युवाओं को बातों में लेकर गुमराह किया और उनसे पैसे ले लिए। वहीं, पैसे लेने के बाद गुरप्रीत ने न तो युवाओं को विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद डीएसपी सिटी सुच्चा सिंह बल और एसपी ऑपरेशन बटाला द्वारा जांच के बाद एसएसपी बटाला के हुकमों पर पुलिस द्वारा गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि उसने इस तरह से कई लोगों को चूना लगाया है। सिर्फ बटाला में ही नहीं, बल्कि कुछ ओर इलाकों के युवाओं को भी विदेश भेजने के नाम पर ठगा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़ में आने के बाद ही बाकी बातों का पता चलेगा।
जॉर्जिया भेजने के नाम पर एक लाख 20 हजार रुपए की ठगी
महिला समेत तीन लोगों पर धोखाधड़ी का केस
भास्कर संवाददाता | बटाला
विदेश भेजने के नाम पर एक लाख 20 हजार रुपए की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत 3 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में थाना श्री हरगोबिंदपुर के एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि हरपाल सिंह निवासी भामड़ी ने बताया कि उसने 27 दिसंबर 2017 को पुलिस को शिकायत दी थी कि दीपक जरनैल निवासी नीवे तुंग मोहकमपुरा अमृतसर, रणजीत सिंह निवासी छेहरटा और राखी निवासी न्यू राकेश नगर बटाला ने उससे विदेश जॉर्जिया भेजने के बदले एक लाख 20 हजार रुपए लिए थे, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। बाद में पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा जांच के बाद एसएसपी बटाला के हुकमों पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।