थाने के सामने रिक्शे में बैठी महिला के गले से चेन झपटी
सिटी पुलिस थाना के बिल्कुल सामने स्नैचरों ने दिन-दिहाड़े स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। स्नैचर ने चलते रिक्शे में बैठी महिला के गले से सोने की चेन को झपट लिया और मौके से भाग गए। बाद में इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इससे ठीक पांच दिन पहले भी स्नैचरों ने सिटी रोड इलाके में चलते मोटरसाइकिल पर बैठी महिला के गले से सोने की चेन को झपट लिया था।
इलाके में लगातार दिन-दिहाड़े स्नैचिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन पुलिस की तरफ से अभी तक कोई सुराग नहीं लगाया गया है। इस बारे में सिटी पुलिस थाने के थानेदार विश्वामित्र का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। जानकारी अनुसार कीर्ति पुत्री जोगिन्द्र पाल निवासी नथुमल बाग नजदीक लक्ष्मी पैलेस अपनी सास के साथ घर की तरफ जा रही थी। रास्ते में डीएसपी की कोठी के पास मोटरसाइकिल पर सामने से स्नैचर आया। उसने चलते हुए ही महिला के गले से चेन को झपट लिया। जल्दबाजी में स्नैचर से लाकेट नीचे ही गिर गया और चेन लेकर फरार हो गया। जब तक महिला शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा करती। स्नैचर दूर भाग चुका था। बाद में इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना को लेकर महिला के परिजनों ने थाने में हल्ला भी किया। उनका आरोप था कि अगर जनता पुलिस थाने के सामने महफूज नहीं है तो बाहर के इलाकों में क्या हाल होगा। बता दें कि जिस जगह पर स्नैचिंग हुई है। वह थाने के बिल्कुल सामने का इलाका है, लेकिन बिना किसी डर के इसी इलाके में स्नैचिंग को किया गया है।