साइकिल पर घर लौटते कपड़ा व्यापारी की हत्या
सदर पुलिस थाना के अंतर्गत अलीवाल रोड पर साइकिल से घर लौटते समय एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियारों से हत्या कर दी है। मृतक साइकिल पर कपड़े बेचने का काम करता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है। सदर पुलिस थाने के थानेदार कुलविन्द्र सिंह का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है, अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चला है।
जानकारी अनुसार अशोक कुमार पुत्र जोगिन्द्र पाल निवासी भंडारी गेट जो कि साइकिल पर गांव-गांव जाकर कपड़े बेचने का काम करता था। वह मंगलवार रात को काम खत्म करके साइकिल पर ही घर की तरफ आ रहा था। रास्ते में अलीवाल रोड पर पेट्रोल पंप के पास अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर खूब मारपीट की। हमलावर उसे खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से भाग गए। बाद में लोगों ने पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने उसे उठाया और अस्पताल में लेकर आई, लेकिन जांच के दौरान सिविल अस्पताल के डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उसका खून अधिक बह जाने के कारण मौत हुई है। पुलिस सुबह उसका पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर देगी।
परिवार बोला- हमलावरों ने जेब में पड़े पैसे नहीं निकाले
सिविल अस्पताल में विलाप करते हुए मृतक के परिजन। -भास्कर
मृतक के परिजनों का कहना है कि उसकी जेब में पैसे पड़े हंै। आरोपियों ने पैसे नहीं निकाले हंै, लेकिन उन्हें नहीं पता है कि किस मकसद से हत्या की गई है। माना जा रहा है कि रंजिश के चलते हत्या की गई है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है। हत्या पूरे प्लान के साथ की गई है। हर रोज वह घर से सुबह काम के लिए निकलता था और शाम को वापस आता था। उसकी जेब में पैसे पड़े हुए थे, जिन्हें छेड़ा नहीं गया है। इससे साफ है कि पैसों के लिए हत्या नहीं की गई है।