गांवों में जाकर खुले में शौच न करने की देंगे सीख
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
स्वच्छ भारत अभियान को जमीनी स्तर तक लागू करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत जिले में जागरूकता वैनें निकाली गई। डीसी सिद्धू द्वारा हरी झंडी देकर रवाना की इन 15 वैनों का मुख्य उद्देश्य खुले में शौच न करने की सीख देना है। जिले में कुल 30 जागरूकता वैन चलाई गईं हैं।
15 गुरदासपुर में और 15 बटाला में रवाना हुईं हैं, जो गांव-गांव जाकर लोगों को खुले में शौच न करने प्रति जागरूक करेगी। इस मौके पर एसडीएम सकत्तर सिंह बल, सहायक कमिश्नर रमन कोछड़, सहायक कमिश्नर अमनदीप कौर, तहसीलदार नवतेज सिंह सोढी, एक्सईएन विजय कुमार, एक्सईएन सुखदीप सिंह, एसडीओ केजे रतड़ा आदि मौजूद थे। जिला प्रबंधकीय कॉप्म्लेक्स के परिसर में जागरूकता वैनों को रवाना करने के बाद डीसी सिद्धू ने ग्राम स्वराज अभियान संबंधी अहम बातें स्पष्ट कीं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से 14 अप्रैल से 5 मई तक जिले में ग्राम स्वराज अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा जिले के 30 गांवों में जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
ग्राम स्वराज अभियान तहत डीसी सिद्धू ने जागरूकता रथ किए रवाना
जिला प्रबंधकीय कॉप्म्लेक्स में स्वच्छता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते डीसी गुरलवलीन सिंह सिद्धू (मध्य पिंक पगड़ी)।
जिला हो गया है खुले में शौचमुक्त: डीसी सिद्धू
डीसी सिद्धू ने बताया कि जिला गुरदासपुर 28 मार्च को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) घोषित हो गया था। वहीं स्वच्छ भारत अभियान तहत जिले भर में शौचालयों का निर्माण करवाया जा रहा है। सरकार की ओर से एक शौचालय पर दो किस्तों में 15 हजार रुपए दिए गए हैं।