पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े, फायरिंग में 4 जख्मी

जमीन विवाद में दो पक्ष भिड़े, फायरिंग में 4 जख्मी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गांव सलीमपुर में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। हमले में फायरिंग भी हुई। विवाद में दोनों पक्षों से महिला समेत चार लोग जख्मी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बटाला के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस संदर्भ में टांडा तथा श्री हरगोबिंदपुर के थाना प्रभारियों को घटना का कोई पता नहीं था। दोनों ने मामले में अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि गांव सलीमपुर उनका इलाका नहीं है।

अमनदीप सिंह पुत्र सुच्चा सिंह निवासी श्री हरगोबिंदपुर ने बताया कि श्री हरगोबिंदपुर के नजदीक पड़ते गांव सलीमपुर में उनके 3-4 खेत हैं। उनका खेतों का विवाद 4 साल से गांव चाहलखुर्द के फतेहराज सिंह के साथ चल रहा था। बुधवार दोपहर को उन्हें पता चला कि फतेहराज सिंह अपने साथियों के साथ उनकी जमीन जोत रहा है। तभी वह अपनी माता के साथ वहां पर गए। उन्होंने फतेहराज सिंह व उसके लोगों को जमीन जोतने से रोका, तो फतेहराज व उसके साथियों ने उन पर हमला कर दिया। इतने में फतेहराज ने पहले रिवाॅल्वर से हवाई फायर किए, उसके बाद उसने उन पर भी फायर किए, जिससे उन्होंने अपना बचाव किया। बाद में फतेहराज के साथियों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर दिया, जिस कारण वह और उसकी माता सविंदर कौर दोनों जख्मी हो गए।

वहीं, दूसरे पक्ष के फतेहराज सिंह ने बताया कि गांव सलीमपुर की जमीन हमारी है। बुधवार को उनके दो व्यक्ति गुरविंदर निवासी मिर्शपुरा और सूबा सिंह निवासी श्री हरगोबिंदपुर खेत जोतने के लिए गए थे। तभी अमनदीप सिंह ने अपनी माता सविंदर कौर और करीब दो दर्जन से अधिक लोगों के साथ मिलकर उन पर हथियारों से हमला कर दिया, जिस कारण उनके दोनों व्यक्ति जख्मी हो गए। फतेहराज ने बताया कि जब उन्हें इस बारे में सूचना मिली तो वह भी मौके पर अपनी लाइसेंसी रिवाॅल्वर लेकर पहुंचे। वहां मामला बिगड़ता देख उसने अपने लोगों की सेफ्टी में दो हवाई फायर किए, जिसके बाद वह सभी भाग गए। उन्होंने झगड़े में जख्मी हुए गुरविंदर और सूबा सिंह को सिविल अस्पताल बटाला में इलाज के लिए दाखिल करवाया। फतेहराज ने कहा कि उन्होंने टांडा पुलिस को 19 अप्रैल को भी शिकायत दी थी।

सिविल अस्पताल में भर्ती दोनों पक्षों के जख्मी लोग। भास्कर

दोनों थानों ने झाड़ा पल्ला

थाना टांडा के एसएचओ प्रदीप सिंह का कहना है कि गांव सलीमपुर उनका इलाके में नहीं है। वहीं, थाना श्री हरगोबिंदपुर के एसएचओ कुलदीप सिंह का कहना है कि गांव सलीमपुर थाना टांडा के अधीन आता है।

खबरें और भी हैं...