विनोद शर्मा, आकाश नंदा, दलजीत जंबा | बटाला
ब्यास दरिया में कहर बरपाने वाली कीड़ी अफगाना स्थित चड्ढा शुगर मिल के बारे में यह जानकारी सामने आई है कि मिल में क्षमता से अधिक शीरा हो गया था जो टैंक से ओवरफ्लो हो गया। इतनी अधिक मात्रा में शीरा बहने से फैक्ट्री प्रबंधक बौखला गए और उन्होंने इसे ठिकाने लगाने के लिए न केवल ब्यास दरिया में डलवा बल्कि रात के अंधेरे में चुपके ट्रकों में भरकर शीरा आसपास के जिलों में भी फेंकवा दिया। ब्यास दरिया में शीरा मिलने से जहरीले हुए दरिया के पानी का असर राजस्थान तक पहुंच गया है। कहा जा रहा था कि मंगलवार को शीरे का टैंक ओवरफ्लो हुआ था, लेकिन सोमवार रात कपूरथला की सड़कों पर शीरे की परत से लोगों का सामना हुआ। बुधवार को ब्यास दरिया में शीरे से मछलियां मरने के बाद कहा जा रहा था कि शीरा मंगलवार को ओवरफ्लो हुआ, लेकिन कपूरथला में सोमवार रात शीरा फेंके जाने से साफ हो रहा है कि घटना मंगलवार से पहले की है।
डीसी ने बनाई जांच कमेटी, एसडीएम 10 दिन में देंगे रिपोर्ट, अगले आदेश तक शुगर मिल बंद
यहां के टैंक से ओवरफ्लो हुआ शीरा
डीसी व एसडीएम ने सील करवाई मिल | ब्यास दरिया में शीरा मिल जाने के बाद मछलियां मरने का गंभीर नोटिस लेते जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते मिल को सील कर दिया है। डीसी गुरलवलीन सिंह सिद्धू, एसडीएम बटाला रोहित गुप्ता की देखरेख में प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने शुगर मिल को सील कर दिया है और अगले हुक्मों तक मिल को न चलाने की हिदायत जारी की है। डीसी ने एसडीएम रोहित गुप्ता को जांच आदेश दिए हैं और 10 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
पौंग से छोड़े पानी से खत्म हुआ शीरे का असर | डीसी सिद्धू ने बताया कि वीरवार को पौंग डैम से 11 हजार क्यूसिक और पानी दरिया में छोड़ा था, ताकि पानी में शीरे के जहरीले असर को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने ब्यास दरिया के पानी के नमूने लिए हैं जो बिलकुल ठीक आए हैं। अब दरिया का पानी बिलकुल साफ है। इस मौके डीसी और अन्य अधिकारियों ने मिल के घटना स्थान का जायजा लिया।
जहरीले पानी से दस किलो तक की कई
क्विंटल मछलियां मरीं, दुधारू पशु भी मरे
ठेकेदार बोला-मछलियां मरने से 60 लाख का नुकसान, मुआवजे के लिए हाईकोर्ट जाऊंगा
ब्यास दरिया में मछलियां पकड़ने का ठेका लेने वाले ठेकेदार सुशील कुमार ने भी कीड़ी अफगाना चीनी मिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुशील ने बताया कि उन्होंने 6 अप्रैल को मछलीपालन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि कीड़ी अफगाना शुगर मिल ब्यास दरिया में जहरीला पानी छोड़ रही है जिससे दरिया में मछलियां मर रही हैं लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ठेकेदार सुशील कुमार ने कहा कि ब्यास में शीरा डाले जाने से मछलियां मरने से उन्हें 50 से 60 लाख का नुकसान हुआ है इसलिए उन्होंने पंजाब सरकार और विभाग से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अगर उनको भरपाई न की तो वह हाईकोर्ट जाएगा।
सोमवार रात कपूरथला की सड़कों पर फेंका शीरा, 4 टैंकर सीसीटीवी में कैद
कपूरथला | सोमवार रात 11 बजकर 47 मिनट पर कपूरथला की सड़कों पर चार टैंकरों ने भारी मात्रा में शीरा फेंका। मंगलवार सुबह जब लोग शीरे पर से गुजर रहे थे तो उनकी चप्पलें और बूट इस शीरे से चिपकने लगे थे। लोगों को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि शीरा सड़कों पर कहां से आ गया। शहर की सड़कों पर शीरा अभी भी चिपका है। भास्कर की छानबीन में पता चला कि शीरे से भरे ट्रक सुभानपुर सड़क की ओर से शहर में प्रविष्ट होकर कांजली होते हुए चूहड़वाल सड़क पर और उसके बाद डीसी चौक, डीसी चौक से होते हुए कपूरथला-सुल्तानपुर बाईपास और उसके बाद चारों टैंकर औजला फाटक से होकर इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ जाते हुए दिखे। शहर के कुछ सीसीटीवी कैमरों में भी इन टैंकरों की तस्वीरें कैद हुई हैं।