खरीद के साथ हो रही गेहूं की लिफ्टिंग, एजेंसियों के पास हैं काफी गोदाम
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
जिला गुरदासपुर की 93 दाना मंडियों में गेहूं की खरीद का काम चल रहा है। वहीं, मंडियों में खरीद के साथ-साथ लिफ्टिंग का काम भी आसानी से पूरा किया जा रहा है। जो भी एजेंसी गेहूं की खरीद कर रही है, वह अपना गेहूं उठाकर अपने अपने गोदामों में स्टोर कर रही हैं। कुल मिलाकर जिले की मंडियों में अब तक 558593 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जिसमें पनग्रेन, पनसप, एफसीआई, पंजाब एग्रो व पंजाब वेयर हाउस एजेंसियां शामिल हैं। उक्त सभी एजेंसियों के पास क्षमता के अनुसार गोदाम हैं जिनमें वो गेहूं को स्टोर कर रहे हैं।
गुरदासपुर जिले की 93 दाना मंडियाें में पिछले साल के मुकाबले गेहूं की पैदावार में 17 फीसदी हुई बढ़ोतरी
दाना मंडी गुरदासपुर में गेहूं की लिफ्टिंग का चल रहा काम। -भास्कर
एजेंसियों की खरीद और स्टोर करने की क्षमता
पनग्रेन ने 1 लाख 12 हजार 622 क्विंटल गेहूं खरीदा। 3 लाख 66 हजार बोरी (30 किलो), 2 लाख 70 हजार बोरी (50 किलो)। 10 लाख बोरियां स्टोर की क्षमता।
पनसप ने 69 हजार 267 क्विंटल गेहूं खरीदा, 6 लाख से अधिक बोरी (50 किलो)। 4 गोदाम उपलब्ध हैं। 5 लाख के करीब बोरियां स्टोर करने की क्षमता।
पंजाब एग्रो ने 31 हजार 892 टन गेहूं खरीदा, 3 गोदाम उपलब्ध हैं। ढाई लाख बोरियां स्टोर करने की क्षमता। वहीं, शेष एफसीआई गोदाम में स्टोर की जा रही है।
पंजाब वेयर हाउस ने 46 हजार 350 क्विंटल गेहूं खरीदा, 2 गोदाम उपलब्ध हैं। 53 हजार बोरियां स्टोर करने की क्षमता। 90 हजार के करीब बोरियां बाहर हैं स्टोर।
बटाला मंडी में पिछली बार से एक लाख क्विंटल ज्यादा पहुंचा गेहूं
भास्कर संवाददाता | बटाला
बटाला अनाज मंडी में इस साल पिछले साल के मुकाबले करीब 1 लाख क्विंटल ज्यादा गेहूं आई है। कुल मिलाकर अब तक 10 लाख 26 हजार क्विंटल गेहूं अनाज मंडी में आ चुकी है। वहीं, मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी का दावा है कि किसानों द्वारा मंडी में लाई गेहूं का दाना-दाना खरीदा गया है। वहीं, गेहूं को एफसीआई गोदाम में भेजा जा रहा है।
बटाला अनाज मंडी के अलावा शहर में 7 सब-मंडियों भी हैं। जहां पर गेहूं स्टोर किया जाता है। इसके अलावा किसानों द्वारा लाई गेहूं को उनके सामने तोला जाता है। वहीं, अनाज मंडी में गेहूं की लिफ्टिंग भी साथ ही साथ की जा रही है। इस संबंध में मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी कुलवंत ने बताया कि इस साल अनाज मंडी में 1 लाख क्विंटल से भी ज्यादा गेहूं आई है, जबकि पिछली बार 9 लाख 76 हजार क्विंटल गेहूं आई थी। इस बार 10 लाख 76 हजार क्विंटल गेहूं स्टोर की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से किसानों द्वारा लाई गई गेहूं का दाना-दाना खरीदा गया है। किसानों को किसी भी तरह की कोई मुश्किल नहीं आने दी गई। इसके अलावा गेहूं की साथ ही साथ लिफ्टिंग हुई है। उन्होंने बताया कि यह सारा गेहूं सरकार के एफसीआई गोदाम में भेजा जा रहा है।
मंडी में गेहूं की बोरियों को ट्रक में लोड करते हुए मजदूर। -भास्कर