कलानौर | कोटली सूरत मल्ली के अड्डा दालम के नजदीक ट्रैक्टर-ट्राली और मारुति कार की टक्कर में कार चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरबख्श जनरल स्टोर के मालिक गुरबख्श अरोड़ा निवासी बटाला का छोटा बेटा सन्नी अरोड़ा रोजाना की तरह बटाला से मारुति कार में कपड़े लेकर दुकान पर आ रहा था। रास्ते में अड्डा दालम के नजदीक चंदूमाजा से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली के साथ कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क किनारे खेतों में जा गिरी। टक्कर के बाद आसपास के लोगों ने सन्नी अरोड़ा को किसी तरह कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची थाना किला लाल सिंह की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बटाला में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है।