मायके वाले बोले- दहेज के लिए भी करते थे परेशान
मृतका के पति व सास-ससुर के खिलाफ 304बी के तहत मामला दर्ज
भास्कर संवाददाता | बटाला
बटाला के उत्तम नगर मॉडल टाउन में एक नवविवाहिता ने संदिग्ध हालत में जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। वहीं, मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुरालियों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उससे मारपीट की जाती थी, जिसे ससुरालियों ने ही कोई जहरीली चीज देकर मारा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतिका के पति और सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में सिंबल चौकी के एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि कुनन सिंह निवासी गांव गिल मंझ ने पुलिस को बताया है कि उनकी लड़की सिमरप्रीत की शादी गुरप्रीत सिंह निवासी उत्तम नगर मॉडल टाउन बटाला के साथ करीब 8 महीने पहले हुई थी। उसके बाद से ही उसके सास-ससुर और उसका पति दहेज के लिए तंग परेशान करने लगे। दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। शनिवार को उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की हालत खराब है, जिसे सिविल अस्पताल बटाला में ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देख उसे अमृतसर रेफर कर दिया गया। जहां पर उसकी मौत हो गई।
कुनन सिंह ने बताया कि उनकी बेटी का पति गुरप्रीत सिंह कुवैत में रहता है। शादी के बाद वह कुवैत चला गया था। उनका आरोप है कि उनकी बेटी को ससुरालियों द्वारा ही जहरीली चीज खिलाकर मारा गया है। वहीं, एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि कुनन सिंह के बयानों पर मृतिका के पति गुरप्रीत सिंह, सास-ससुर के खिलाफ 304-बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की ओर से शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।