पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • स्कूल में 10 मिनट देरी से पहुंचने पर चौकीदार ने नौवीं के स्टूडेंट को मारा डंडा, सिर पर चोट आने से बेहोश

स्कूल में 10 मिनट देरी से पहुंचने पर चौकीदार ने नौवीं के स्टूडेंट को मारा डंडा, सिर पर चोट आने से बेहोश

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
स्टूडेंट के चाचा यूसुफ मसीह निवासी गांव शुकाला ने बताया कि शनिवार को सुबह जब उनका भतीजा कर्णदीप सिंह (15) अपने स्कूल गया, तो स्कूल में 10 मिनट लेट पहुंचने के कारण स्कूल के चौकीदार तरसेम सिंह ने उससे कहा कि अंदर प्रार्थना चल रही है, इसलिए वह अभी अंदर नहीं जा सकता। इसके बाद कर्णदीप सिंह स्कूल के छोटे गेट से अंदर चला गया, जिससे गुस्से में आकर तरसेम सिंह ने हाथ में पकड़े डंडे से उस पर वार किया, जो कि उसके स्कूल बैग में लगा। लेकिन, दोबारा फिर से उसने डंडा मारा, जो कर्णदीप सिंह के सिर पर लगा, जिस कारण कर्णदीप वहीं पर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। तभी स्कूल प्रबंधकों की ओर से उसे जल्द से जल्द सीएचसी घुमान में ले जाया गया। वहीं, स्कूल प्रिंसिपल दिलबाग सिंह ने कहा कि चौकीदार की ओर से बच्चे को मामूली चोट लगी है और अध्यापकों द्वारा पैसे इकट्‌ठे करके बच्चे का इलाज करवाया जा रहा है। इसके अलावा चौकीदार तरसेम सिंह को निकाल दिया गया है।

कर्णदीप सिंह।

जानकारी देते कर्णदीप के चाचा यूसुफ मसीह व अन्य। (दाएं) चौकीदार तरसेम सिंह को स्कूल से निकालने के बाद बच्चों से उसका सामान स्कूल से बाहर रखवाते स्कूल प्रबंधक। -भास्कर

बच्चे से कहा- कोई पूछे तो कहना बाथरूम में गिर गया

सीएचसी में स्कूल प्रबंधकों ने चौकीदार द्वारा बच्चे पर हमला करने की बात को दबाते हुए डॉक्टरों से यह कहा कि बाथरूम में बच्चा फिसल गया था, जिस कारण उसके सिर पर चोट आई है। इसके अलावा कर्णदीप को भी धमकाया गया कि किसी के पूछने पर वह यही बताए कि वह बाथरूम में गिर गया था। अगर उसने ऐसा न बोला तो उसे स्कूल से निकाल दिया जाएगा। इसके बाद कर्णदीप की ताई को स्कूल में बुलाया गया और उसे भी कर्णदीप के बाथरूम में गिरने से लगी चोट के बारे में बताया गया। जब डॉक्टरों द्वारा कर्णदीप को बटाला में सिर की स्केनिंग के लिए भेजने के लिए कहा गया तो स्कूल प्रबंधक उसे गाड़ी में बैठाकर स्केनिंग करवाने के लिए बटाला ले गए।

थाना घुमान में दी शिकायत

बाबा नामदेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल दिलबाग सिंह से यह पूछा गया कि सुबह 8 बजे के करीब बच्चे को चोट आई है और अब तक चौकीदार के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई या नहीं, तो प्रिंसिपल ने कहा कि अभी कंप्लेंट नहीं दी है, मगर वह अब दे देते हैं। उधर, थाना घुमान के एसएचओ ललित कुमार ने बताया कि स्कूल प्रबंधन की चौकीदार के खिलाफ शिकायत आई है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...