बटाला पुलिस क्राइम के मामले सुलझाने में फेल
बटाला जिला पुलिस इलाके में बढ़ते क्राइम के ग्राफ की रोकथाम में कामयाब नहीं हो रही है। पिछले दो महीनों में जिले में क्राइम का ग्राफ काफी बढ़ा है। पुलिस की तरफ से अभी तक किसी स्नेचर गिरोह को नहीं पकड़ा गया है। इलाके में हत्या जैसे क्राइम भी हुए है, जिसमें डाक्टर की लूट के इरादे से हत्या कर दी गई। इसके लिए हर दिन कहीं न कहीं पर वाहन चोरी तथा मारपीट के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। शहर के बीचोंबीच स्नेचिंग की घटनाओं के अलावा हथियारों से फायर करना आम बात हो गई है। पुलिस की तरफ विशेष नाके नहीं लगाए जा रहे हैं, जिससे की पुलिस अपनी तरफ से क्राइम रेट को कम करने के लिए कोई प्रयास कर सके।
जानकारी अनुसार दो माह के रिकाॅर्ड अनुसार दो दर्जन से अधिक मारपीट के मामले दर्ज हो चुके हैं, जिसमें हथियारों का इस्तेमाल हुआ। इसके अलावा फायरिंग के मामले हुए हैं, वाहनों की चोरियां हुई हैं। शाम होते ही हमला करके पैसे छीनने वालों का गिरोह सक्रिय हो जाता है। दो महीने में करीब आधा दर्जन ऐसी घटनाएं पेश आ चुकी हैं, जिस कारण शहर के लोग तथा व्यापारी वर्ग रात को बाहर निकलने से भी कतरा रहा है। शहर के मुख्य चौक गांधी चौक के नाके के अलावा पूरे शहर में कोई विशेष नाका रात को दिखाई नहीं देता है। रात को नाके पर भी कर्मचारियों की काफी कमी होती है। दूसरी तरफ कादियां चुंगी नाके पर भी रात को कर्मचारी नहीं दिखाई देते हैं। ऐसे में अपराधी रात को बेखौफ घूमते हैं। दो माह में पुलिस के किसी अफसर की तरफ से रात को औचक नाकों की चेकिंग नहीं की गई है।
थाना मुखियों को गश्त तेज करने व नाकाबंदी की दी हैं हिदायतें : एसएसपी
एसएसपी बटाला उपिन्द्रजीत सिंह घुम्मण ने कहा कि उक्त जो भी मामले हैं, वह सुलझने के कगार पर हैं। इसके अलावा क्राइम को काबू पाने के लिए थाना मुखियों को गश्त तेज करने, नाकाबंदी और रुटीन चेकिंग संबंधी हिदायतें दी गई हैं।
बटाला में एक महीने का क्राइम ग्राफ
3 अप्रैल... बटाला कस्बे के पालिटेक्निकल कालेज के पास स्थित एक सरकारी अध्यापक दंपति के घर मे चोरों ने चोरी की है। चोर घर से दो तोले के गहने तथा 60 हजार रुपए नगद ले गए।
7 अप्रैल... मारपीट कर जख्मी करने और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
9 अप्रैल... घर से साफ. सफाई का काम छोड़ गली में ही दूसरे के घर में काम करने गई महिला को मारपीट कर जख्मी करने के आरोप में पुलिस ने मां बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
10 अप्रैल... सिटी थाना अंतर्गत गली में खड़े होकर गाली गलौच करने से रोकने की रंजिश पर घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने करीब 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
10 अप्रैल... सिटी रोड इलाके में स्नेचरों ने चलते मोटर साइकिल से एक महिला के गले से सोने की चेन को झपट लिया।
19 अप्रैल... गांव पारोवाल के पास कार सवार व्यक्ति को घेरकर उस पर गोली चलाने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
19 अप्रैल... रंगड नंगल इलाके में घर में दाखिल होकर राइफल से फायर किया।
25 अप्रैल... गांव चीमा खुड्डी में ईंटों के भट्ठे पर हवाई फायरिंग करते आए मोटरसाइकिल सवार 4 लुटेरों ने पिस्तौल की नोक भ_े के मुंशी से 42500 रुपए लूट लिए और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
29 अप्रैल... कुल्फी की रेहड़ी लगाने को लेकर व्यक्ति के साथ मारपीट की।
पहली मई... तारागढ़ रोड पर रेहड़ी वाले पर तेजधार हथियार से हमला कर पैसे छीन लिए।
4 मई... सदर पुलिस थाना अंतर्गत तलवंडी लाल सिंह मोड पर अज्ञात हमलावरों ने एक आरएमओ डाक्टर पर लूट करने के लिए तेजधार हथियार से हमला कर दिया। उसकी हत्या करने के बाद उसकी जेब से पैसे, गले से सोने की चेन तथा पर्स, मोबाइल लेकर भाग गए।
यह मामले सुलझे
पुलिस ने पिछले दिनों एक लूट गिरोह के आरोपी को पकड़ा था। पूछताछ के बाद इन मामलों को सुलझा लिया गया।
24 फरवरी... को गांव ठठा गैस सिलेंडर वाले ट्रैक्टर-ट्राली मालिक से रिवाल्वर की नोक पर 27650 रुपए छीन लिए।
24 फरवरी... को ही एजे रंधावा फिलिंग स्टेशन फतेहगढ़ चूड़ियां के कारिंदे से रिवाॅल्वर की नोक पर 6 हजार रुपए छीने थे।
13 मार्च... को बिजली घर अलीवाल के कैशियर से रिवाल्वर की नोक पर 88600 रुपए छीने थे।
16 अप्रैल... को घनीए-के-बांगर में सैणी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के कारिंदे से रिवाल्वर की नोक पर 7660 रुपए छीने थे।
16 अप्रैल... को ही डेरा-फतेहगढ़ चूड़ियां रोड पर स्थित कर्ण पेट्रोल पंप के कारिंदे से रिवाॅल्वर की नोक पर 5 हजार रुपए छीने थे।
17 अप्रैल... को पैट्रोल पंप सुखदेव फिलिंग स्टेशन चंदू सूजां के कारिंदे से 24790 रुपए छीने थे।