बटाला | बटाला के पहाड़ी गेट इलाके में गिफ्ट हाउस की दुकान में सट्टा खिलाने वाले सट्टेबाज को पुलिस ने उसके साथी के साथ जेल भेज दिया है। पुलिस अब उससे बरामद हुए चार मोबाइल फोन की सीडीआर खंगालने में लगी है। पुलिस के पास पूछताछ में कुछ लोगों के नाम भी बाहर आए हैं, जो कि प्रतिदिन सट्टा लगाते थे। इस सट्टेबाज के पकड़े जाने के बाद काफी लोग इलाके से अंडरग्राउंड हो गए हैं, जो कि उसके साथ सट्टेबाजी का धंधा चलाते थे। थानेदार विश्वामित्र का कहना है कि मामले की जांच हो रही है। फिलहाल सट्टेबाज को जेल में भेज दिया है।
जानकारी अनुसार शनिवार को सूचना पर कार्रवाई करते हुए सिटी पुलिस की टीम ने शाम को दुकान पर छापा मारा। छापे में पुलिस को मौके से हिसाब की काॅपियां, पैसे तथा मोबाइल फोन बरामद हुए। जिसके बाद पुलिस दुकान के मालिक संजीव निवासी हाथी गेट तथा उसकी दुकान पर काम करने वाले विशाल निवासी कपूरी गेट को पकड़ा गया था। फोन के रिकाॅर्ड से पुलिस को पता चला कि शहर के कई लोग इस धंधे में शामिल है, जो कि प्रतिदिन हजारों रुपए का मैच पर सट्टा लगाते हैं। जांच में पता चला कि पैसे लेने तथा देने के लिए दुकान में काम करने वाले विशाल को भेजा जाता था। इसके अलावा पुलिस को बरामद हुए चार मोबाइल फोन से काफी बातों का पता चला है। पुलिस के पास पूरी लिस्ट आ गई है, उनकी लिस्ट को खंगाला जा रहा है।