ऊर्जा मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने कहा कि आगामी दिनों में शुरू होने वाले धान के सीजन में प्रदेश के किसानों को 8 घंटे निर्विघ्न बिजली सप्लाई दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अपने किसानों को हर सुविधा मुहैया कराने को वचनबद्ध है जिसके तहत धान के सीजन में सप्लाई के तमाम प्रबंध मुकम्मल कर लिए गए हैं। ऊर्जा मंत्री कांगड़ा रविवार को संत त्रिवेणी गिरी पुनर्ज्योति आई डोनेशन अस्पताल सोसायटी रामपुरा की ओर से आंखों के चेकअप तथा ऑपरेशन कैंप में विशेष तौर पर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि जल्द ही लहरा मुहब्बत थर्मल प्लांट से रामपुरा के लिए हाट लाइन डाली जा रही है जिसके मुकम्मल होने पर शहर व आसपास के इलाकों में 1 मिनट का भी बिजली कट नहीं लगेगा। कांगड़ ने कहा कि सोसायटी द्वारा साल 2008 से लोक भलाई के काम कर रही है। उन्होंने सोसायटी को शिव शक्ति काटन फैक्ट्री द्वारा अपने पिता की याद में भेंट की गई 35 लाख रुपए की मशीन का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर कैंप डायरेक्टर विजय कुमार गोयल, सिविल सर्जन डॉ. हरिनारायण, एसएमओ रामपुरा डॉ. अमरीक सिंह संधू, डीएसपी रामपुरा सुखमंदर सिंह चाहल, शहरी प्रधान रामपुरा सुखजीत कुमार ढींगरा, जसपाल भाईरूपा, सुखजीत सिंह लाली, राकेश सहारा, मुकेश कुमार, दिल्ली हार्ट इंस्टीट्यूट से डॉ. नरेश भी उपस्थित रहे।
चेकअप कैंप की शुरुआत कराते ऊर्जा मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़
कैंप में 423 मरीजों की आंखों का हुआ चेकअप
राकेश तायल ने बताया कि कैंप में 423 मरीजों की आंखों का चेकअप किया गया जबकि 135 मरीजों के ऑपरेशन किए गए। उन्होंने बताया कि इस सोसायटी द्वारा अब तक लगभग 1150 दानियों की ओर से दी गई आंखें जरूरतमंद लोगों को प्रत्यारोपित की जा चुकी हैं।