भाकियू ने गेहूं की खरीद न होने पर हाईवे किया जाम
फसल की खरीद न होने पर किसानों ने तलवंडी साबो-बठिंडा हाईवे पर किया जाम।
देर शाम डीसी ने मंडी में पहुंच शुरू करवाई खरीद
भास्कर संवाददाता| तलवंडी साबो
सब डिविजन तलवंडी साबो के गांव चट्ठेवाला में पिछले 10 दिनों से गेहूं की खरीद न होने के कारण किसानों ने तलवंडी साबो-बठिंडा हाईवे पर जाम लगाकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन खिलाफ नारेबाजी की।
जाम को संबोधित करते भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर के जिला प्रधान बलदेव सिंह संदोहा ने कहा कि पंजाब सरकार एक अप्रैल से मंडियों में गेहूं की खरीद के प्रबंध पूरे होने के दावे कर रही है परन्तु गांव चट्ठेवाला में गांव के किसान पिछले 10 दिनों से अपनी छह महीनों की मेहनत के साथ पाली गेहूं की फसल को बेचने के लिए बैठे हुए हैं परन्तु किसी भी अधिकारी ने मंडी में आकर किसानों की सार नहीं ली। उन्होंने बताया कि कई बार किसान डिप्टी कमिश्नर बठिंडा को भी मिले थे परन्तु उन्होंने भी आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं दिया। किसान नेता गंगा सिंह चट्ठेवाला, बलबीर सिंह जोधपुर पाखर, जैमल सिंह सींगो ने कहा कि जब तक किसानों की गेहूं की बोली शुरू नहीं की जाती तब जाम लगाकर रोष प्रदर्शन जारी रहेगा। आखिरकार प्रशासन ने शाम को चट्ठेवाला मंडी में गेहूं की खरीद शुरू करवा दी।
गेहूं की लिफ्टिंग न होने से आढ़तिए परेशान
भीखी| गेहूं की खरीद शुरू हो चुकी है और खरीद एजेंसियों द्वारा बोली लगाने के बाद गेहूं की लिफ्टिंग न होने के कारण मंडियों में अंबार लग चुके हैं, जिसके चलते गेहूं उतारने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लिफ्टिंग न होने तक आढ़तिया वर्ग द्वारा गेहूं की भराई का काम बंद करने का ऐलान किया गया है यह फैसला मार्केट कमेटी दफ्तर में हुई आढ़ती एसोसिएशन की मीटिंग में मता पास किया गया है।