स्कीमों की जांच के लिए केन्द्र से पहुंची टीम
भास्कर संवाददाता| भुच्चो मंडी
पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही सात स्कीमों का जमीनी स्तर पर प्रभाव देखने व लाभपात्रियों के सुझाव लेने के लिए ब्लाक नथाना के गांव चक्क फतेह सिंह वाला, बुर्ज काहन सिंह वाला, पूहली व कल्याण सद्दा में केंद्रीय टीम ने दौरा किया। इस दौरान मंत्रालय के केंद्रीय डायरेक्टर संदीप आर्य व सचिव कुलविंदर सिंह ने इस सर्वेक्षण टीम की अगुवाई की।
इस मौके पर उनके साथ जिला कोऑर्डिनेटर ईशान मित्तल व नायब तहसीलदार नथाना सुखजीत सिंह भी थे। इस दौरान टीम सदस्यों ने लाभपात्रियों से मिलकर उनसे केंद्र की उज्ज्वला गैस कनेक्शन स्कीम, जन धन योजना, बैंक बीमा, हर घर बिजली कनेक्शन, एलईडी बल्ब का इस्तेमाल, गर्भवती महिलाओं व 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की टीकाकरण स्कीमों संबंधी फीडबैक हासिल किये। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि यह सर्वेक्षण टीम 15 अप्रैल से 5 मई तक जिला बठिंडा के 26 गांवों में जाकर केंद्रीय स्कीमों संबंधी जायजा लेगी। इस दौरान गांव पूहली में नथाना की आरबी गैस एजेंसी द्वारा लोगों के फार्म भरने के लिए लगाए गये कैंप के दौरान पहुंची टीम को एजेंसी प्रबंधकों ने स्कीम संबंधी किये गये कार्यों की पूरी जानकारी दी। इस दौरान आरबी गैस एजेंसी के मालिक भूषण गर्ग ने बताया कि गैस एजेंसी द्वारा अपने क्षेत्र के गांवों में मंत्रालय की उज्जवला एक्सपेंड गैस स्कीम के तहत लोगों को निशुल्क गैस कनेक्शन देने के लिए फार्म भरे जा रहे हैं। इस मौके पर एकत्रित हुए लोगों से टीम के सदस्यों ने बातचीत कर उनसे जानकारी हासिल की कि क्या उन्हें केंद्रीय स्कीमों का पूरा फायदा मिल रहा है या नहीं। केंद्रीय टीम के अधिकारियों ने जरूरतमंद लोगों के जाती प्रमाण पत्र भी तुरंत जारी करने के आदेश दिए ताकि जो सभी लोगों को इन स्कीमों का पूरा फायदा मिल सके।
गर्भवती महिलाओं व 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की टीकाकरण स्कीम संबंधी लिए फीडबैक
केन्द्र से आई सर्वेक्षण टीम 5 मई तक बठिंडा जिले के 26 गांवों का करेगी निरीक्षण
गांव पूहली में कैंप के दौरान टीम के अधिकारियों की उपस्थिति में लोगों को स्कीम संबंधी जानकारी देते आरबी गैस एजेंसी के मालिक भूषण गर्ग।