सीआईए स्टाफ-1 की टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 20 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। आरोपी की पहचान गुरचरण सिंह वासी महराज बस्ती रामपुरा मंडी के तौर पर हुई। सीआईए-1 के इंचार्ज राजिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रामपुरा के गांव महराज के पास एक व्यक्ति नशे की तस्करी करने जा रहा है। पुलिस ने इस दौरान शक के आधार पर एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया जो सिर पर एक प्लास्टिक का गट्ठा रखकर लेकर जा रहा था। उक्त व्यक्ति पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा तो गट्ठे में से पोस्त के डोडे नीचे गिर पड़े। पुलिस ने हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 20 किलो डोडे पोस्त बरामद हुआ। आरोपी गुरचरण सिंह ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसके खिलाफ 2005 में नशा तस्करी का केस रामपुरा सिटी में दर्ज हुआ था जिसमें उसे 10 साल की सजा और एक लाख रुपए जुर्माना हुआ था। सीआईए-1 इंचार्ज राजिंदर कुमार ने बताया कि आरोपी उक्त केस में 17 अप्रैल 2014 से 15 अगस्त 2014 तक 4 महीने की पैरोल पर आया था और छुट्टी काटने के बाद जेल में वापस नहीं गया।