जिले में 1 से 16 मई तक 95 हजार 461 बच्चों को ही लगे मीजल्स-रुबेला के इंजेक्शन
बठिंडा| सरकार ने मीजल्स-रुबेला के खात्मे के लिए 1 मई से एमआर के टीकाकरण का अभियान शुरू कर रखा है। सेहत विभाग ने 3 से 4 सप्ताह में 9 महीने से 15 साल तक के 4 लाख 14 हजार बच्चों को टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा था। सेहत विभाग ने 1 से 16 मई तक जिले में 95 हजार 461 बच्चों का ही टीकाकरण हुआ है। प्रचार प्रसार के बावजूद भी ज्यादातर परिजन अपने बच्चों को टीकाकरण करवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। अफवाहों को देखते हुए डीसी बठिंडा व सिविल सर्जन ने खुद अपने बच्चों को टीकाकरण करवाकर लोगों को सुचेत करने की कोशिश भी की। टीकाकरण अधिकारी डाॅ. कुंदन कुमार पाल ने कहा कि मीजल्स-रुबेला इंजेक्शन बिल्कुल ठीक है। सिविल अस्पताल के वैक्सीनेशन सेंटर में टीकाकरण के लिए पीपी यूनिट के लिए स्पेशल रूम बनाया गया है। टीकाकरण के लिए स्पेशल टीम जिसमें गुरजिंदर कौर, सुखजिंदर कौर, चरणपाल कौर को तैनात किया गया है। पीपी यूनिट में एक से 16 तक लगभग 500 बच्चों का टीकाकरण किया गया है।
शुरू में हुई मुश्किल अब मिल रहा है लोगों का सहयोग
डाॅ. कुंदन कुमार पाल ने कहा कि टीकाकरण मुहिम के दौरान फैली अफवाहों की वजह से टीकाकरण में परेशानी हुई। लेकिन अब धीरे-धीरे लोगों का टीकाकरण मुहिम को पूरा सहयोग मिल रहा है। मुहिम के तहत स्कूल, आंगनबाड़ी और रह गए बच्चों के लिए स्पेशल आउटरीच कैंप लगाकर 100 प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि माह के अंत तक 4 लाख 14 हजार बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।