कांग्रेसी नेता पुतला फूंक कर प्रदर्शन करते। फोटो खिंचवाने के लिए आपस में धक्का मुक्की करते।
भास्कर संवाददाता| बठिंडा
कर्नाटक में 104 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बठिंडा में पीएम नरेंद्र मोदी का अर्थी फूंक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं में फोटो खिंचवाने को लेकर इतना क्रेज था कि वह आपस में ही धक्का मुक्की करते रहे। जिसके चलते कई कांग्रेसी नेता तो गुस्सा भी हो गए।
वहीं उनके द्वारा पीएम नरेंद्र मोदी पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए रोष मार्च करने के बाद प्रदर्शन किया गया। जिस दौरान जिला कांग्रेस के सीनियर नेता शामिल हुए। कांग्रेसी नेताओं ने अर्थी फूंक प्रदर्शन से पहले पंचायत भवन स्थित कांग्रेस दफ्तर में इकट्ठा होकर वर्करों को मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। जिसके बाद पंचायत भवन से रोष मार्च निकालते हुए हनुमान चौक में पहुंच कर अर्थी फूंक प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के इशारे पर कर्नाटक में लोकतंत्र को अनदेखा कर भाजपा की सरकार बनाई गई है, जबकि कांग्रेस अन्य पार्टियों के साथ समर्थन लेकर ज्यादा सीटें हासिल कर रही है। लेकिन इसके बाद भी कर्नाटक में सब कुछ अनदेखा किया गया, जिसके विरोध में उनके द्वारा लगातार संघर्ष जारी रखा जाएगा। अगर कर्नाटक में नियमों को न बदला गया तो वह अपना संघर्ष तेज करेंगे। इस मौके पर कांग्रेस के सीनियर नेताओं में अशोक प्रधान, पवन मानी, रतन राही, राज नंबरदार, जगराज एमसी, मोहन लाल झुंबा, भगवान दास भारती, आशु ठाकुर, रानी कौर आदि उपस्थित थे।