बठिंडा|सेहत विभाग की ओर से सिविल सर्जन डा. हरि नारायण सिंह की देख-रेख में खसरा रुबेला टीकाकरण मुहिम को जारी रखते हुए चिल्ड्रन अस्पताल परिसर में कैंप का आयोजन किया गया। अस्पताल में आयोजित किए गए कैंप का निरीक्षण दौरान सिविल सर्जन डा. हरि नारायण सिंह ने कहा कि चिल्ड्रन अस्पताल में 9 माह से 15 साल तक बच्चों को मीजल रुबेला का टीकाकरण किया जा रहा है। सेहत विभाग द्वारा जिले में मीजल रुबेला टीकाकरण मुहिम का शुभारंभ 1 मई को किया गया था। उन्होंने कहा कि टीकाकरण मुहिम काे आम लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। टीकाकरण कैंप में उपस्थित अभिभावकों ने सेहत विभाग द्वारा शुरू किए गए मीजल रुबेला टीकाकरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि कैंप में बच्चों का टीकाकरण करवाकर सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस मौके टीकाकरण अधिकारी डा. कुंदन कुमार पाल ने बताया कि चिल्ड्रन अस्पताल में मीजल रुबेला टीकाकरण की मुहिम लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि खसरा एक वायरल बीमारी है जिसके साथ भारत में प्रतिदिन लगभग 136 बच्चों की मौतें हो रही हैं और इसी तरह रुबेला भी वायरल की तरह है। उन्होंने बताया कि 1 लाख 16 हजार 820 से अधिक बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। जिले के लोगों से अपील है कि वो अपने बच्चों का टीकाकरण जरूर करवाएं।