बठिंडा|पुलिस ने मारपीट के दो मामलों में 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि अन्य तीन लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। थाना सदर पुलिस ने कोटशमीर निवासी हंसराज की शिकायत पर उसी गांव में रहने वाले तार सिंह, मघ्घर सिंह और दीपा सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस को दिए बयान में हंसराज ने बताया कि रंजिश के चलते 10 मई को आरोपियों ने उसे घेर कर हमला कर दिया। मारपीट कर उसे घायल करने के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा रामपुरा की थाना सिटी पुलिस ने रामपुरा मंडी स्थित ए-वन टीचिंग सेंटर के मालिक गुरमेल सिंह की शिकायत पर गांव कराड़वाला निवासी जसविंदर सिंह, जीवन सिंह तथा काला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि पैसों के लेन देन को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपित जबरदस्ती उसके ट्यूशन सेंटर में घुस आए। आते ही उन लोगों ने हमला करके उसे घायल कर दिया। मामले की जांच एएसआई अमृतपाल सिंह कर रहे हैं।