बठिंडा थर्मल प्लांट बंद करना कांग्रेस का तर्कहीन कदम : खेहरा
विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खेहरा का कहना है कि कि पंजाब सरकार ने चंद लोगों को फायदा पहुंचाने की खातिर बठिंडा के सरकारी थर्मल प्लांट को जबरन बंद किया है। बठिंडा के गुरुनानक देव थर्मल प्लांट की रेनोवेशन पर 715 करोड़ खर्च किए गए थे, जिसके बाद थर्मल प्लांट की मियाद बढ़ गई थी लेकिन पंजाब सरकार ने इसे बंद कर दिया। इस तर्कहीन फैसले से थर्मल कर्मियों को नुकसान पहुंचा। वहीं पंजाब में आने वाले समय में बिजली की किल्लत भी होगी। सुखपाल सिंह खेहरा मंगलवार को बठिंडा में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आप फिरोजपुर के डीसी व एसएसपी आफिस के बाहर लगाएगी धरना
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते विपक्ष के नेता सुखपाल खेहरा
कांग्रेस में बगावत | खेहरा ने कहा कि कांग्रेस में बगावत के सुर तेज होने लगे हैं, ऐसे में कांग्रेस अपने कार्यकाल के 5 साल भी पूरा नहीं कर पाएगी। लीडरशिप से नाराजगी की बदौलत कांग्रेस पार्टी के 3 विधायकों ने विधानसभा कमेटियों के चेयरमैन पद को ठुकरा दिया। संभावना यहां तक है कि 6 महीने में कांग्रेसी वर्कर राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से लीडरशिप बदलने का आग्रह कर दें।
फिरोजपुर में देंगे धरना
खैहरा ने कहा कि फिरोजपुर के दौरे के दौरान कांग्रेस के गुंडों ने पुलिस कर्मियों से मारपीट की। खैहरा ने कहा कि उनकी पार्टी ने फैसला लिया है कि फिरोजपुर में आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन नहीं लिया तो वे डीसी व एसएसपी के आॅफिस के आगे धरना देंगे। उन्होंने नवजोत सिद्धू को गैर इरादतन हत्या के मामले में बरी करने को बड़ी राहत बताया। इस अवसर पर विधायक जगदेव कमालू, मास्टर जगसीर सिंह, नवदीप जीदा, दीपक बंसल, गुरदास समेत अनेक वर्कर उपस्थित रहे।
नशा खत्म नहीं करना चाहती सरकार
विपक्षी नेता खेहरा ने कहा कि पंजाब की पुलिस कांग्रेस नेताओं के इशारे पर काम करती है। अकालियों ने तो पुलिस को प्राइवेट तौर पर इस्तेमाल किया, कैप्टन तो इनसे भी आगे निकल गए। कांग्रेस पार्टी के नेता लैंड-सैंड माफिया का खुलकर साथ दे रहे हैं। खेहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वयं ही नशा खत्म करने की इच्छुक नहीं, विक्रमजीत सिंह मजीठिया के खिलाफ स्वयं कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने एसटीएफ बनाई और प्रदेश की सत्ता हाथ में आते ही उसी की रिपोर्ट पर कार्यवाही नहीं की जा रही। सुखपाल सिंह खेहरा ने श्री हरमंदर साहिब लंगर पर जीएसटी के मसले पर अकालियों ने कोरी बयानबाजी ही की है। अगर हरसिमरत संज्ञान लेकर इस्तीफे की चेतावनी दे तो जीएसटी माफ होने के पूरे आसार हैं।