जमीन बेच कर्ज नहीं उतार पाए, 24 घंटों में 4 किसानों ने किया सुसाइड
मौड़ | फूल के गांव सिधाना निवासी कर्ज में डूबे व्यक्ति ने मंगलवार सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची थाना फूल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचा दिया। एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान परमजीत सिंह (37) के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी प|ी जसदीप कौर के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की। जसदीप ने बताया कि उसके पति के पास पहले खेती की जमीन थी। मगर मजबूरन उसे वह बेचनी पड़ी। उसके बाद भी आढ़ती का कर्ज नहीं उतरा। बाद में उन्होंने बैंक से लोन पर छोटा हाथी (टैंपो) खरीद लिया। जिसे वो खुद चलाया करता था। उसकी भी कई किश्तें रुक गईं। बाद में टैंपो का एक्सिडेंट हो गया। इससे वह मानसिक तौर से परेशान थे। मंगलवार को दोनों बेटे स्कूल चले गए। दोपहर करीब एक बजे कमरे में परमजीत का शव लटका मिला। उन पर 2 लाख रुपए का कर्ज था।
2 बेटियों की शादी के लिए लिया कर्ज नहीं उतार पाया
मौड़ मंडी के गांव माईसरखाना निवासी बुध सिंह (56) ने खुदकुशी कर ली। मृतक बुध सिंह के पास 5 एकड़ जमीन थी। मृतक के 4 बेटियां 2 बेटे हैं। उन्होंने अपनी लड़कियों की शादी के लिए कर्ज उठाया था। कर्ज बढ़ता ही चला गया। बुध सिंह 5 एकड़ जमीन पर खेती कर अपने परिवार को पालन करता था। कर्ज उतारने के लिए अपनी 3 एकड़ जमीन बेच दी। मौजूदा समय में करीब डेढ़ लाख बैंक व 70 हजार गैर सरकारी कर्ज था। इस कारण वह परेशान रहता था। बुध सिंह ने मंगलवार को अपने खेत में स्प्रे पीकर खुदकुशी कर ली। उसे मौड़ मंडी के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
4 लाख रुपए कर्ज से आहत हो पीया जहर
रामपुरा के गांव धींगढ़ में सोमवार की रात 12 बजे के करीब किसान जगराज सिंह आयु 50 साल ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। जगराज सिंह की लाश खेत से मिली। गांव के सरपंच हरबंस सिंह ने बताया कि जगराज सिंह पर करीब 3 लाख रुपए कर्ज था और दो एकड़ के करीब जमीन थी। कर्ज के कारण जगराज सिंह परेशान चल रहा था। इसके चलते रात 12 बजे उसने अपने खेत में जाकर सुसाइड कर लिया।
6 लाख रुपए के कर्ज से परेशान होकर दी जान
दयालपुरा मिर्जा में कर्ज के बोझ में दबे किसान ने मंगलवार सुबह कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची थाना दयालपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कार्रवाई निपटाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हवलदार गुरजंट सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गांव दयालपुरा मिर्जा निवासी अमृतपाल सिंह (49) के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी प|ी हरबंस कौर के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस को दिए बयान में महिला ने बताया कि उनकी 22 साल की एक बेटी व 20 साल का एक बेटा है। उनके पास 4 एकड़ जमीन है। उसके पति पर बैंकों व आढ़ती का करीब 6 लाख रुपए कर्ज था। इसके चलते उसका पति हमेशा परेशान रहता था।
नौकरी नहीं मिलने से दुखी व्यक्ति ने स्प्रे पीकर की आत्महत्या
बठिंडा |नौकरी न मिलने से परेशान एक व्यक्ति ने स्प्रे पीकर सुसाइड कर लिया। मृतक की पहचान दीपक कुमार वासी गली नंबर 2 अनूप नगर डबवाली रोड बठिंडा के तौर पर हुई है। मृतक की मां ने बताया कि दीपक 6 महीने पहले निजी कंपनी में सुपरवाइजर था। नौकरी छोड़ने के बाद से वह बेरोजगार था। सोमवार को दीपक पौधों में स्प्रे करने के लिए कीटनाशक लेकर आया था। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे वह घर के काम कर रही थी कि बेटे की हालत खराब हो गई। दीपक उल्टी कर रहा था। उसके पास ही स्प्रे की शीशी पड़ी थी। उन्होंने इसकी सूचना डायल 108 एंबुलेंस को दी। सरकारी अस्पताल में आधे घंटे उपचार के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया। एसएचओ कैनाल परविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।