रामां मंडी में बीज फैक्ट्री से 90 बोरी गेहूं चोरी
बठिंडा| रामा मंडी स्थित बीज फैक्ट्री में घुसे चोर 90 बोरी गेहूं चोरी करके ले गए। घटना का पता अगले दिन लेबर को फैक्ट्री पहुंचने पर लगा। सूचना मिलने पर पहुंची थाना रामा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी जगतार सिंह ने बताया कि रामा मंडी निवासी निश्चित जिंदल ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उसकी गरीब दास कॉटन के नाम से फैक्ट्री है जहां गेहूं का बीज तैयार किया जाता है। 13 मई की रात काम खत्म करने के बाद वह लेबर समेत घर चले गए। रात के समय फैक्ट्री में चौकीदार के साथ लेबर के कुछ लोग रहते हैं। मगर उस रात बारिश ारण वह लोग अंदर जाकर सो गए। इसके चलते मौका पाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। जगतार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नजर आ रहा है कि कुछ लोग दीवार फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने बाहर खड़ी गाड़ी में चोरी का गेहूं लोड किया और फरार हो गए। जांच अधिकारी जगतार सिंह ने बताया कि पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है।