शहरवासियों के लिए एक अच्छी खबर है। सेहत विभाग की तरफ से बठिंडा सिविल अस्पताल के अलावा अब 4 अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर इवनिंग ओपीडी की शुरूआत की जा चुकी है।
स्वास्थ्य केंद्रों में इवनिंग ओपीडी शुरू होने से जरूरतमंद मरीज सेहत सुविधा हासिल कर सकेंगे। सिविल अस्पताल के ओपीडी ब्लाक के कमरा नंबर 6 में, लाल सिंह बस्ती, बेअंत नगर, जनता नगर व परसराम नगर में इवनिंग ओपीडी का शुभारंभ किया गया।
ओपीडी की सुविधा गर्मियों में शाम 4 से 7 बजे, सर्दियों में 3 से 6 बजे तक रहेगी, एमरजेंसी सुविधा 24 घंटे रहेगी
इवनिंग ओपीडी के लिए अलग से लगाए गए हैं डॉक्टर
यह सुविधा सिविल अस्पताल में पहले से ही चल रही है। इस संबंधी जानकारी देते सिविल सर्जन डॉ. हरि नारायण सिंह ने कहा कि गर्मियों में ओपीडी की सुविधा 4 से 7 बजे तक और सर्दी में 3 से 6 बजे तक रहेगी। इस मौके पर सिविल सर्जन डा. एचएन सिंह ने बताया कि इवनिंग ओपीडी सिविल अस्पताल की नई ओपीडी में पहले से चल रही है। इसके लिए विभाग की तरफ से मेडिकल ऑफिसर की अलग से तैनात किए गए हैं। ओपीडी के दौरान मरीजों को मेडिसन भी विभाग की तरफ से मुफ्त में दी जाएगी।
सुबह के बचे मरीज भी इवनिंग ओपीडी में करा सकते हैं इलाज इवनिंग ओपीडी के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डाक्टर व स्टाफ तैनात कर सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। एसएमओ ने कहा कि इवनिंग ओपीडी इसलिए चालू कि गई है कि सुबह के समय भीड़ होने के चलते सभी मरीजों को डॉक्टर नहीं देख पाते तो बचे मरीजों का इवनिंग ओपीडी में इलाज किया जाएगा।
मरीजों की जरूरत के अनुसार लैब टेस्ट या अन्य टेस्ट की सुविधा भी कराई जाएगी मुहैया
एसएमओ डा. सतीश गोयल ने बताया कि लोगों को बेहतरीन सस्ती सेहत सुविधा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य केंद्रों में इवनिंग ओपीडी सेवा की शुरुआत की गई है। इवनिंग ओपीडी में अगर मरीजों को लैब टेस्ट या फिर अन्य टेस्ट की जरूरत पड़ेगी तो उसे वह सुविधा भी प्रदान करवाई जाएगी। सिविल अस्पताल की ओपीडी कांप्लेक्स के रूम नंबर 6 को इवनिंग ओपीडी के लिए चुना गया है। इस रूम में ही मरीज की ओपीडी पर्ची कटेगी और मौके पर तैनात डाक्टर मरीजों का चेकअप कर उन्हें मेडिसन देंगे। इसी तरह अन्य सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सेवाएं प्रदान की जाएगी।
इंडोर की जरूरत पड़ने पर सिविल अस्पताल में कराया जाएगा भर्ती अगर मरीज को इंडोर की जरूरत पड़ेगी तो उसे सिविल अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवा दिया जाएगा। एमरजेंसी वार्ड में सेहत विभाग द्वारा मरीजों को पहले 24 घंटे सभी को मुफ्त सेहत सुविधाएं प्रदान की जाती है।