रविवार की मध्यरात्रि मिड्डू स्ट्रीट में स्थित एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे सारी रात बिजली गुल रही। लोगों का कहना था कि उन्होंने तुरंत पावरकॉम के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत की लेकिन कर्मचारियों ने फोन सुनने के बाद किसी अन्य कंप्लेंट में व्यस्त होने की बात कहकर आने से मना कर दिया। पवन सन्स के संचालक राजिंदर कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने पर सभी लोग घरों से बाहर आ गए। उन्होंने 1912 में कंप्लेंट की तो उन्होंने संबंधित कर्मचारी का मोबाइल नंबर उन्हें दिया। उक्त नंबर पर जब उन्होंने फोन किया तो उक्त कर्मचारी ने कहा कि वह परस राम नगर में किसी कंप्लेंट में आए हैं अभी नहीं आ सकते। गली के लोगों ने बताया कि कुछ देर बाद अचानक लाइट चली गई। उन्होंने बताया कि रात तक कोई कर्मचारी नहीं आया। सोमवार को दोपहर 2 बजे ही बिजली सप्लाई शुरू हुई। उधर इस संबंध में एक्सईएन गगनदीप सिंगला का कहना था कि ट्रांसफार्मर के लगे केबल बॉक्स जल गए थे। जो नए लगाए जाने थे, उसमें जरूर दो-तीन घंटे लग गए थे। रात में उक्त बॉक्स उपलब्ध न होने के कारण थोड़ी देरी जरूर हुई।