तेज बुखार आने पर करें पानी की पट्टियां साेते समय लगाएं मच्छरदानी : डॉ. राजपाल
सेहत विभाग ने बुधवार को सिविल सर्जन डाॅ. हरि नारायण सिंह की अगुवाई में सिविल अस्पताल में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन ने उपस्थित लोगों को डेंगू के लक्षण और बचाव के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू का समय पर सही उपचार न करवाने पर मरीज की जान जा सकती है। सिविल अस्पताल में डेंगू के मरीजों के लिए डेंगू वार्ड भी बनाया गया है। जहां डेंगू के मरीजों को ही रखा जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की लैब में डेंगू मरीजों के खून जांच फ्री की जाती है।
इस मौके पर जिला मलेरिया अधिकारी डा. राजपाल सिंह ने कहा कि अत्यधिक ठंड लगने के साथ अचानक तेज बुखार, सिर दर्द होना, शरीर पर लाल व गुलाबी रंग के चकत्ते पड़ जाना, कमजोरी लगना, भूख न लगना, जी मिचलाना, डेंगू के गम्भीर स्थिति में नाक, मुंह, गुर्दा, मूत्र नली इत्यादि से रक्त बहना ये सभी लक्षण डेंगू के हैं। उन्होंने कहा कि बुखार 102 डिग्री फारेनहाइट से अधिक होने पर शरीर पर पानी की पट्टियां रखें, मरीज को आराम करने दें, सामान्य रूप से खाना देना जारी रखें।
उन्होंने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए पूरी आस्तीन का कपड़ा पहने तथा पैरों में जूता-मोजा पहनें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। शरीर पर मच्छर निरोधक औषधियों को खुले भागों में लगाए, घर पर एवं घर में पानी एकत्रित न होने दें, घर में कूलर, बाल्टी, घड़े तथा ड्रम का पानी बदलते रहें। डेंगू बुखार में चिकित्सक की परामर्श के अनुसार ही बुखार की चिकित्सा एवं उपचार करें।
डेंगू दिवस पर जानकारी देते हुए सिविल सर्जन व अन्य सेहत अधिकारी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित| इस मौके पर सहायक सिविल सर्जन डा. अनुपमा शर्मा, जिला परिवार भलाई अधिकारी डा. गुरदीप सिंह, जिला मलेरिया आफिसर डा. राजपाल सिंह, एपिडिमोलॉजिस्ट डा. रविंदर सिंह, जीएनएम प्रशिक्षण स्कूल के प्रिंसिपल मेडम कमल, गायत्री महाजन, सुखपाल सिद्धू, सुरिंदर कुमार धीर, कुलवंत सिंह, केवल कृष्ण शर्मा, अजमेर सिंह, केवल कृष्ण, रछपाल सिंह, हरजीत सिंह, वकील खान व जगदीश के अलावा संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
शुक्रवार को ड्राई-डे मनाने की अपील
उन्होंने कहा कि सप्ताह में हर शुक्रवार को ड्राई-डे के तौर पर मनाने की अपील की। इसमें घर, दफ्तर और सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों में मौजूद कूलर, गमलों और फ्रिज में जमें पानी को सप्ताह में एक बार जरूर साफ करें। उन्होंने कहा कि लोगों को डेंगू से पूरी तरह बचाव करने और अपने क्षेत्र में किसी भी मरीज का पता लगने पर उसकी सूचना तुरंत सिविल अस्पताल को देने की अपील की।