शिअद-भाजपा के एससी विंग ने वित्तमंत्री का पुतला फूंका
9 अप्रैल को भूख हड़ताल के दौरान कांग्रेसी नेताओं की ओर से दलितों के काले रंग पर हंसी मजाक में की टिप्पणी के रोष में शिअद-भाजपा की एससी विंग व दलित समाज संगठनों ने शुक्रवार को फायर ब्रिगेड चौक में वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मांग कि टिप्पणी करने वाले जिम्मेवार कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता दलित समाज से माफी मांगे। इस मौके पर शिअद के पूर्व विधायक दर्शन सिंह कोटफत्ता, मेयर बलवंत राय नाथ ने कहा कि दलितों के काले रंग पर हंसी मजाक में टिप्पणी की समूह दलित समाज को ठेस पहुंची है। कांग्रेसी नेता यूं तो अपने दलित हितैषी कहते हैं, लेकिन अकसर ही दलितों का मजाक भी उड़ाते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले की अनुसूचित जाति-जनजाति कमीशन के पास शिकायत दर्ज करवाई गई है। गौरतलब है कि कांग्रेस नेताओं ने वित्तमंत्री मनप्रीत बादल के साले जयजीत सिंह जोजो जौहल की अगुवाई में दलित समुदाय के समर्थन में बीती 9 अप्रैल को दो घंटे की भूख हड़ताल की थी। लेकिन भूख हड़ताल पर बैठे हुए ही जब मीडिया कर्मियों ने जोजो जौहल की बाइट लेनी चाही तो उन्होंने पीछे बैठे नेताओं से कहा कि कोई एससी नेता भी आगे आ जाए। जोजो की इस बात पर हंसी मजाक होने लगा। इस हंसी मजाक पर काले रंग पर भी टिप्पणी हो गई। इस मौके पर मक्खन सिंह, डीआर बागड़ी, अर्जुन होलू, रघुवीर सिंह , हरजिंदर छिंदा, जगसीर बंगी, रोशन , प्रीतपाल पाली और सुरेश चौहान मौजूद थे।
वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल का पुतला फूंकते शिअद-भाजपा नेता।
मजाक में की बात को मुद्दा बना शिअद कर रही राजनीति : कांग्रेसी नेता
बठिंडा| 9 अप्रैल को कांग्रेसी नेताओं की तरफ से की गई दो घंटे की भूख हड़ताल के दौरान हंसी मजाक में की गई बातों को बेवजह मुद्दा बनाकर ओछी राजनीति करने के आरोप अकाली नेताओं पर लगाएं गए हैं। शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कांग्रेस पार्षद जुगराज सिंह, निर्मल कौर, संजय बिसवाल, रजनी बाला, नवीन वाल्मीकि, राजेश कुमार ने कहा कि वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल व उनके साले जयजीत सिंह जोजो जौहल को बदनाम कर रहे हैं, जोकि गलत है। इस हंसी मजाक को गलत रंगत देकर पेश किया जा रहा है। लेकिन दलित समुदाय इनकी लाख कोशिशों के बावजूद भड़कने वाला नहीं है।