6 मई को कांग्रेस विधायक व सांसदों के घरों के आगे भूख हड़ताल करेंगे आंगनबाड़ी मुलाजिम
आॅल पंजाब आंगनबाड़ी मुलाजिम यूनियन ने सोमवार को टीचर्स होम में मालवा स्तर की कनवेंशन आयोजित की। इसमें बठिंडा, मानसा, बरनाला, संगरूर, पटियाला, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और मुक्तसर की नेताओं ने शिरकत की। बैठक के दौरान सरकार की आंगनबाड़ी वर्कर-हेल्परों के प्रति द्विपक्षीय रवैये की कड़ी निंदा करते हुए संघर्ष की कड़ी रूपरेखा तैयार की गई। कनवेंशन के दौरान अपंग स्वंग उसूल मंच के प्रांतीय कन्वीनर बलविंदर सिंह के नेतृत्व में अनेक सदस्यों ने समर्थन का ऐलान किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश प्रधान हरगोबिंद कौर ने कहा कि यूनियन की ओर से मजदूर दिवस वाले दिन 1 मई को पंजाब भर में ब्लॉक स्तर पर काले झंडे उठाकर आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर सड़कों पर रोष प्रदर्शन करेंगी। वहीं 6 मई को प्रदेश के 77 कांग्रेस विधायकों तथा कांग्रेस से संबंधित सांसदों के घरों के आगे आंगनबाड़ी वर्कर-हेल्परों की ओर से अपने बच्चों समेत भूख हड़ताल रखी जाएगी तथा 14 से 19 मई तक लगातार 5 दिन यूनियन की ओर से कांग्रेस मंत्रियों के घर के आगे भूख हड़ताल रखी जाएगी।
इन मांगों को दोहराया : बैठक में विभिन्न वक्ताओं ने सरकार से मांग उठाई कि पंजाब की वर्कर-हेल्परों को हरियाणा पैटर्न पर मान भत्ता दिया जाए, सरकारी प्राइमरी स्कूलों में नर्सरी क्लासों में दाखिल किए 3 से 6 साल तक के बच्चे 26 नवंबर 2017 के नोटिफिकेशन के अनुसार वापस आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजे जाएं ता भविष्य में इस उम्र वर्ग के बच्चों को स्कूलों में दाखिला बंद किया जाए। एनजीओ को दिए ब्लॉक नोटिफिकेशन के अनुसार मुख्य विभाग में तब्दील किए जाएं।
इन्होंने भी किया संबोधित: उसूल मंच के प्रांतीय कन्वीनर बलविंदर सिंह ने कहा कि सरकार ने पहली से अंग्रेजी तथा 8वीं तक फेल न करने के नियम बनाकर शिक्षा का खात्मा करने पर तुली है। उन्होंने कहा कि पंजाब में 20 लाख पेंशन के लाभपात्री हैं और प्रत्येक आंगनबाड़ी मुलाजिम के हिस्से में 25 लोग ही आते हैं। ऐसे में निजी दिलचस्पी लेकर उनकी सरकारी पेंशन लगाओ। वहीं प्रदेश प्रधान हरगोबिंद कौर ने उसूल मंच का हर जगह साथ देने का ऐलान किया।
मौके पर ये रहे मौजूद: आंगनबाड़ी यूनियन के नेता शिंदरपाल कौर थांदेवाला, गुरमीत कौर गोनियाना, बलवीर कौर मानसा, कुलजीत कौर गुरुहरसहाय, रणइंदर कौर मौड़, हरमेश कौर लहरागागा, शिंदर पाल कौर जलालाबाद, इंद्रजीत कौर खुइयां सरवर, गुरमीत कौर जैतो, अंजू बिश्नोई, प्रकाश कौर ममदोट, शीला फाजिल्का, जसवीर कौर बठिंडा, जसवंत कौर भीखी, अमृतपाल कौर बल्लुआना, जसपाल कोर झुनीर तथा ज्ञान कौर दूहेवाला मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी मुलाजिम को संबोधित करतीं प्रदेश प्रधान हरगोबिंद कौर (बाएं) कनवेंशन में शामिल आंगनबाड़ी मुलाजिम। (दाएं)
मांगें लागू करने में टालमटोल कर रहे मंत्री : प्रदेश प्रधान
प्रदेश प्रधान ने कहा कि वर्कर-हेल्परों को उनका बनता हक दिलाने के लिए लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है लेकिन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मांगें मानना तो दूर, अभी तक बैठक करने का समय भी नहीं दिया। यही नहीं, जो समझौते यूनियन के साथ कांग्रेस मंत्रियों ने किए, वो भी लागू करने से टालमटोल किया जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश की 54 हजार वर्कर-हेल्परों में भारी बेचैनी और यह रोष कभी भी गुस्से की ज्वाला बनकर भड़क सकता है।