हरियाणा शराब की तस्करी करते दो गिरफ्तार, ठेकेदार पर मामला दर्ज
थाना सदर बठिंडा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नरुआना से दो लोगों को हरियाणा मार्का शराब की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के साथ- साथ हरियाणा के एक शराब ठेकेदार को नामजद कर उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस की प्रांरभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी गुरजीत सिंह व हरपाल सिंह निवासी नरुआना हरियाणा की कालांवाली मंडी के शराब ठेकेदार काका सिंह चहल से सस्ते दाम में शराब लाकर पंजाब में उसकी सप्लाई करते थे। पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 बोतल हरियाणा मार्का शराब की बरामद की है। वहीं मामले के जांच अधिकारी हवलदार जोगा सिंह का कहना है कि शराब समेत पकड़े गए आरोपी गुरजीत सिंह, हरपाल सिंह को जेल भेज दिया गया है, जबकि शराब ठेकेदार काका सिंह चहल की गिरफ्तारी के लिए अगली कार्रवाई की जा रही है।