वैपन स्मगल करने का मामला
अमेरिका से स्मगल होकर आए हथियारों को फर्जी बिलों पर पंजाब में बेचने के मामले में फरीदकोट पुलिस की जांच पर उठे सवालों के बाद डीजीपी के निर्देश पर इस केस की जांच फरीदकोट पुलिस से आर्गेनाइजड क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओकू) चंडीगढ़ को ट्रांसफर कर दी गई है। इस संबंध में फरीदकोर्ट में दर्ज एफआईआर नंबर 246 और 41 से संबंधित रिकार्ड भी चंडीगढ़ ओकू हेडक्वाटर पर मंगवा लिया गया है। इसके बाद अब इस मामले में आगे की जांच पड़ताल ओकू की विशेष टीम करेगी। क्योंकि 2014 में सामने आए इस मामले से संबंधित करीब 7 आरोपियों को आज तक फरीदकोट पुलिस ने न तो पकड़ा और न ही उनसे पूछताछ की तो अब इसकी जांच भी ओकू ही करेगी। यह कार्रवाई दैनिक भास्कर की तरफ से 26 अप्रैल को वैपन स्कैम के नाम से एक के बाद एक लगातार प्रकाशित रिपोर्ट्स के बाद हुई है, जिसमें खुलासा किया गया था कि अमेरिका से स्मगल होकर जो हथियार पंजाब में फर्जी बिलों पर बेचे गए उन्हें फर्जी बिलों के आधार पर ही मालकी मान पुलिस ने एनओसी दे दिया और इसी आधार पर सपुर्ददारी पर करीब ढ़ाई करोड़ रुपये की कीमत के हथियार रिलीज कर दिए। इसके बाद प्रदेश पुलिस हरकत में आई और इस केस की जांच फरीदकोट पुलिस से लेकर ओकू को दे दी गई है।