बठिंडा| वेतन वृद्धि को लेकर एसबीआई के कर्मचारियों ने कामकाजी समय के बाद बैंकों के समक्ष एकत्रित होकर नारेबाजी की। इस अवसर पर प्रवक्ताओं ने कहा कि 10वें वेतन समझौते की अवधि 31 अक्टूबर 2017 को समाप्त हो चुकी है और 1 नवम्बर 2017 को नया समझौता होना था जो सरकार और इंडियन बैंक एसोसिएशन के नकारात्मक रवैये के कारण सिरे नहीं चढ़ रहा। इस संबंध में मुलाजिमों द्वारा 17 मई को देशभर की बैंकों की शाखाओं के समक्ष कामकाजी समय के बाद रोष प्रदर्शन किए जाएंगे। जबकि ओएफबीयू की ओर से 30 व 31 मई को हड़ताल की जाएगी। इस अवसर पर गुलशन ओबरॉय के अलावा लाजपत राय गोयल, अशोक शर्मा, करण सिंगला व अन्य यूनियन नेताओं ने संबोधित किया।