10% पैनल्टी के साथ बकाया प्रापर्टी टैक्स भरने के बचे 2 दिन
10 प्रतिशत पैनल्टी के साथ बकाया प्रापर्टी व हाउस टैक्स भरने में आखिरी दो दिन बचे हैं। 16 अप्रैल सोमवार से बकाया टैक्स नहीं भरने वाले लोगों को 20 प्रतिशत पैनल्टी के साथ 18 प्रतिशत ब्याज भी देना पड़ेगा। हालांकि 14 व 15 अप्रैल की सरकारी छुट्टी होने बावजूद भी निगम दफ्तर की टैक्स ब्रांच खुलेगी और लोगों से टैक्स भरवाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन आखिरी दो दिनों का लाभ हासिल कर सकें। वहीं शुक्रवार को टैक्स भरने वाले लोगों की भीड़ निगम दफ्तर में देखने को मिली। इसके चलते निगम ने टैक्स भरवाने के लिए तीन काउंटर शुरू कर रखे हैंे। निगम के टैक्स ब्रांच के सुपरिंटेंडेंट रवि लूना ने लोगों से अपील कि जिन लोगों ने अपना बकाया प्रापर्टी या हाउस टैक्स नहीं भरा है, वह शनिवार व रविवार को भर सकते हैं। निगम कमिश्नर के आदेशों पर 14 अप्रैल शनिवार को सुबह 9 बजे से लेकर 1.30 बजे तक टैक्स भरवाया जाएगा, जबकि 15 अप्रैल रविवार को पूरा दिन यानि सुबह 9 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक दफ्तर खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि जो लोग 15 अप्रैल तक अपना बकाया टैक्स निगम को जमा नहीं करवाते है, तो सरकार की तरफ से दी गई डेड लाइन के खत्म होने के बाद 18 फीसदी ब्याज व 20 फीसदी पैनल्टी वसूल की जाएगी। इतना ही उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।