प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों ने रैली के लिए बसें देने से किया इनकार
तलवंडी साबो बैसाखी मेले के दौरान 14 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से की जाने वाली कान्फ्रेंस के लिए अब भीड़ जुटाना मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों ने रैली के लिए बसें देने से मना कर दिया है। क्योंकि गत वर्ष भी की गई रैली के दौरान भेजी गई बसों का अभी भी कांग्रेस की तरफ 16 लाख रुपए का बकाया है। जिसको लेकर अब ट्रांसपोर्टरों ने फैसला किया है कि जब तक उनके पुराने बकाए क्लियर नहीं किए जाते, तब तक वह बस नहीं देंगे, क्योंकि ट्रांसपोर्टर पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से इस बार रैली के लिए बठिंडा व मानसा जिले से भीड़ जुटाने के लिए 300 बसों की मांग की गई है। तलवंडी साबो में होने वाले सरकारी कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने भी प्राइवेट ट्रांसपोर्टरों के पास बसें देने के लिए पहुंच की है, लेकिन उनके द्वारा साफ मना कर दिया गया है। गत वर्ष रैली के दौरान भेजी गई बसों का 35 लाख रुपए का बिल बना था, जिसमें से 19 लाख रुपए तो वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने जारी कर दिए हैं। बाकी के 16 लाख रुपए का बकाया अभी भी नहीं दिया गया है। जब इस संबंध में ट्रांसपोर्टर वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल से बात करते हैं तो उनको यह बोला जाता है कि उनके द्वारा अपने हिस्से के पैसे जारी कर दिए गए हैं। जबकि बाकी का किराया कांग्रेस पार्टी की तरफ से दिया जाएगा। वहीं ट्रांसपोर्टरों ने इस संबंध में सीएम के राजनीतिक सचिव के पास भी पहुंच की है। लेकिन अभी तक उनका कोई हल नहीं हुआ।