नशा अपराध के साथ एक गंभीर समस्या : आईजी
बठिंडा रेंज के नवनियुक्त आईजी एमएफ फारूकी ने सोमवार को अपना पदभार संभाल लिया है। पदभार संभाले के बाद उन्होंने अपने अधिकारियों के साथ बैठक की, वहीं प्रेसवार्ता कर अच्छे समाज के निर्माण के लिए पुलिस व पब्लिक को एक साथ मिलकर चलने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम जनता को इंसाफ तथा आरोपियों को सजा दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। आईजी फारूकी ने कहा कि किसी भी गैंगस्टर को सिर नहीं उठाने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की बेहतर सेवा करने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग मिलेगा, ताकि ऐसे हालात बनाए जा सकें कि परेशान व्यक्ति आसानी से पुलिस तक पहुंच सके, या पुलिस उस तक पहुंच कर उसकी मदद कर उसे न्याय दिला सके। उनकी कोशिश होगी कि वो लोगों की समस्याओं को सुन उन्हें इंसाफ दिलाएं। फारूकी ने कहा कि अपराध के साथ नशा एक बड़ी सामाजिक समस्या भी है। इसका हल निकालने के लिए सभी विभागों को पुलिस का साथ देना जरूरी है।
आईजी फारूकी ने कहा कि पुलिस नशे की सप्लाई पर तो कंट्रोल कर सकती है। मगर नशे की डिमांड पर रोक लगाना अकेले पुलिस के बस की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि नशा की सप्लाई को तो तोड़ा जा सकता है लेकिन डिमांड को सामाजिक तौर पर ही खत्म किया जा सकता है जिसके लिए सामाजिक संस्थाओं को साथ में जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजाब की सीमाओं से जुड़ी हरियाणा व राजस्थान की सीमा से ज्यादा तस्करी होती है जिसके लिए आईजी स्तर तक बातचीत कर नशे के नेटवर्क को तोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की बहादुर टीम अपराध रोकने में सक्षम है इससे पहले बठिंडा में गैंगस्टरों के तीन एनकाउंटर हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति को इंसाफ मिलेगा व लोगों को पुलिस की ओर से अच्छी सेवाएं प्रदान की जाएगी। पुलिस व जनता में रावता कायम कर सहयोग बनाया जाएगा।
एसएसपी नवीन सिंगला ने बताया कि जिले के सभी थानों की बेहतरी व सामाजिक और भलाई कार्यों के लिए 1-1 लाख रुपए की ग्रांट दी गई है। पंजाब सरकार से इसके लिए 25 लाख रुपए मिला था जिससे थानों में लोगों को बैठने वाले आराम घरों व मैस पर खर्च किया जाएगा।
सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए बठिंडा रेंज के नवनियुक्त आईजी एमएफ़ फारूकी।