डिपार्टमेंट आफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से स्कूलों में नन्हे विज्ञानी तलाशने के मकसद से दो दिवसीय इंस्पायर अवाॅर्ड प्रदर्शनी 22 व 23 मई को बठिंडा के टीचर्स होम में लगाई जाएगी।
इस प्रदर्शनी में बच्चों की ओर से अपने गाइड अध्यापकों के मार्गदर्शन में साइंस, मैथ्स, इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी एवं वातावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तैयार किए गए मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में 127 मॉडल-प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे जिनमें अकेले 121 बठिंडा जिले से हैं जबकि 5 मानसा से हैं हालांकि प्रदर्शनी में बरनाला जिले का भी नाम है, लेकिन इस जिले से एक भी मॉडल नहीं आ रहा। जिला साइंस सुपरवाइजर बलजीत कौर ने बताया कि प्रदर्शनी का मकसद विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सृजनात्मक कौशल एवं विज्ञान, गणित वातावरण जैसे विषयों के प्रति रुचि विकसित करना है। सरकार की ओर से बच्चों की वैज्ञानिक सोच को मॉडल के जरिए उबारने के मकसद से 10 हजार रुपए दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में बाजारू मॉडल स्वीकार्य नहीं होंगे, इस पर कड़ी निगाह रखी जाएगी।