पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Punjab
  • Bathinda
  • आज से अजीत रोड और प्रताप नगर से हटाए जाएंगे रैंप और थड़े, 300 लोगों को नोटिस

आज से अजीत रोड और प्रताप नगर से हटाए जाएंगे रैंप और थड़े, 300 लोगों को नोटिस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर निगम शहर में बढ़ रही ट्रैफिक समस्या को हल करने के लिए मास्टर प्लान बनाकर काम शुरू कर रहा है। इसके तहत शहर के 8 जोन में गलियों, सड़कों और बाजारों में अवैध बने रैंप व थड़ों को तोड़ने के लिए सभी इलाका जेई को हिदायतें दी गई हैं। निगम पहले दुकानदारों को नोटिस निकालकर अपने स्तर पर अवैध थड़ों व रैंप को तोड़ने की हिदायत दे रहा है।

इस बाबत जेई ने पहले चरण में करीब 300 लोगों को नोटिस भी जारी किए हैं। सोमवार से बाकी दुकानदारों को भी नोटिस जारी करेंगे। निगम का मानना है कि आमतौर पर अजीत रोड, भागू रोड, धोबी बाजार के साथ लगती गलियों, प्रताप नगर मेन बाजार, सुरखपीर रोड मेन रोड, अफीम वाली गली, सिरकी बाजार, किक्कर बाजार, कोर्ट रोड, किला रोड, गुरु नानक पुरा रोड, पूजा वाला मोहल्ला, नामदेव रोड सहित शहर के 40 इलाकों में बनी 1200 से अधिक गलियों में इस तरह के कब्जों की भरमार है।

यहां दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे 5 से 7 फुट तक के रैंप और थड़े बनाकर कब्जा कर रखा है। आम तौर पर शहर में गलियों व छोटे बाजारों में 20 से 30 फुट की सड़क है इसमें दोनों तरफ से 5-5 फुट कब्जा होने से सड़क का आकार 10 से 20 फुट ही रह गया है। इसके चलते शहर में हर समय ट्रैफिक की समस्या बरकरार रहती है।

शहर के 40 इलाकों में दुकानों के आगे 5 से 7 फुट तक दुकानदारों का है कब्जा

प्रताप नगर मेन रोड के दुकानदारों को निगम ने नोटिस जारी कर अवैध रैंप तोड़ने के आदेश दिए है। वहीं अजीत रोड में भी 58 से अधिक ऐसे इंस्टीट्यूट हैं जो प्रतिमाह करोड़ों रुपए की कमाई कर रहे हैं लेकिन निगम को हर साल करोड़ों का नुकसान पानी, सीवरेज, विज्ञापन प्राॅपर्टी टैक्स की एवज में झेलना पड़ रहा है। वहीं जो नक्शा इमारत के लिए पारित करवाया गया है वह भी व्यवसायिक है जिसमें डेढ़ करोड़ तक का सीएलयू भी नहीं भरा गया है।

रास्ते में खड़े वाहनों के करेंगे चालान

नगर निगम ने पहले चरण में अजीत रोड पर कब्जे जमाकर बैठे लोगों पर कार्रवाई करने का फैसला लिया है। वर्तमान में पूरी तरह से कमर्शियल बन चुके अजीत रोड में रिहायशी घरों में ही बड़ी-बड़ी दुकानें व इंस्टीट्यूटों का निर्माण कर लिया गया है। इसमें जहां निगम को टैक्स नहीं दिया जा रहा है वहीं नियम कायदे ताक पर रखकर इमारतों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे वहां पढ़ने वाले हजारों छात्र अपने वाहन सड़कों व गलियों में खड़े कर देते हैं। निगम अब ऐसे संस्थानों को नोटिस निकालने के साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा वहीं सड़कों व गलियों में ट्रैफिक के लिए समस्या बन रहे वाहनों को टो कर चालान काटेगा।

नोटिस जारी कर दिया 7 दिन का समय

निगम इंजीनियर की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि म्यूनिसिपल एक्ट 1976 की धारा 246 (1) अधीन नोटिस जारी कर हिदायत दी जाती है कि इस नोटिस मिलने के 7 दिनों के भीतर अपने रैंप स्वयं तोड़कर सड़क को चौड़ा किया जाए। ऐसा नहीं करने पर निगम अपनी टीम की मदद से अवैध रैंप को तोड़ने की कार्रवाई करेगा और उस पर आने वाले खर्च की जिम्मेवारी स्थानीय लोगों की होगी।

प्रताप नगर में निकाले नोटिस

प्रताप नगर के लोगों को ट्रैफिक समस्या से राहत देने के लिए प्रताप नगर मेन रोड को चौड़ी करने की योजना बनाई है। इसके तहत निगम ने 14 अप्रैल शनिवार को प्रताप नगर के सभी दुकानदारों को नोटिस जारी कर दुकानों के आगे बने सभी रैंप को 7 दिनों के भीतर तोड़ने के आदेश दिए हैं। प्रताप नगर मेन रोड पांच फुट तक चौड़ी होगी इसमें 70 गलियों में रहने वाले 8 हजार लोगों को ट्रैफिक समस्या से निजात मिलेगा तो 200 दुकानदारों का फायदा होगा। हालांकि निगम के नोटिस मिलने के बाद ज्यादातर दुकानदार इसके हक में है और निगम के इस फैसले का स्वागत करते हुए मांग कि वह बिना किसी भेदभाव से बराबर जगह ले और सड़क चौड़ी करने का काम करे। प्रताप नगर के दुकानदार के साथ-साथ वहां पर रहते लोग भी चाहते है कि मेन रोड चौड़ी होनी चाहिए। इसके लिए कुछ माह पहले दुकानदारों ने निगम अधिकारियों को लिखित में मांग की थी।

खबरें और भी हैं...