नगर पालिका संघ हरियाणा के बैनर तले शहर के सफाई कर्मचारी 12 वें दिन भी मांगों को लेकर धरने पर बैठे रहे। इधर गंदगी से हालात बिगड़ते देख बाजारों व कॉलोनियों में लोग हाथों में झाडू उठाकर सफाई करनी शुरू कर दी है। रविवार को शहर के चौधरीवाड़ा, मुक्तिवाड़ा, बल्लुवाड़ा सहित कई कॉलोनी के लोगों ने सफाई अभियान चलाया। वहीं नप की टीम ने भी यहां के डंपिंग पॉइंट से कूड़ा उठाकर शहर से बहार भिजवाया। इधर, बावल में रात करीब साढ़े नौ बजे नगर पालिका अधिकारियों व हड़ताली कर्मियों के बीच नोकझोंक की सूचना है। बावल प्रधान प्रीतम सिंह ने बताया कि सरकार मांगों को मानने की बजाय कर्मचारियों को डराने का काम कर रही है।
शहर में हड़ताली कर्मियों की अध्यक्षता कर रहे ईश्वर सिंह बोडवाल ने कहा कि सरकार ने यदि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी तो 22 मई को देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। ईओ मनोज यादव ने कहा कि रविवार भी डंपिंग पॉइंट से कूड़ा उठाया गया है। बाजारों व कॉलोनियों में लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है। लोगों की मदद से कूड़ा उठाने सहित सफाई का काम किया जा रहा है।
रेवाड़ी. हड़ताल के 12वें दिन नगर परिषद के बाहर धरना प्रदर्शन करते सफाईकर्मी।
रेवाड़ी. सफाईकर्मियों की हड़ताल के चलते ऑटो मार्केट में जमा कचरा से भरा नाला।