बावल कस्बे की अनाज मंडी में सरकारी समर्थन मूल्य पर बिक्री की गई सरसों में काफी किसानों का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। किसानों को इससे परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र के किसानों ने सरसों बिक्री का भुगतान तुरंत प्रभाव से कराने की मांग की है।
किसान कुलदीप, विक्रम, दयानंद, नवल और हुक्म ने बताया कि उन्होंने अपनी सरसों की बिक्री निर्धारित शेड्यूल पर बावल की अनाज मंडी में बिक्री की थी। सरसों बिक्री किए हुए लगभग एक माह हो गया, लेकिन किसानों को पैसे नहीं मिल पाए हैं। किसानों को बार-बार खरीद अधिकारियों के पास चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि जब वह मंडी में जाते हैं तो वहां कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिलता है। जबकि सरकार द्वारा 72 घंटे में भुगतान करने का दावा है। ऐसे में यह दावा खोखला साबित हो रहा है। किसानों को समय पर पैसे नहीं मिलने से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों ने जल्द जिला प्रशासन से उनकी उपज का भुगतान कराने की मांग की है।